Kanpur: किशोर ने किशोरी के साथ किया दुष्कर्म; गर्भवती होने पर सच आया सामने, आरोपी गिरफ्तार, पीड़िता को धमकाने पर 2 पर FIR
कानपुर (नर्वल), अमृत विचार। नर्वल थाना क्षेत्र में दो माह पहले 14 वर्षीय किशोरी के साथ गांव के ही एक किशोर ने रुपयों का लालच देकर दुष्कर्म किया। यह मामला तब सामने आया, जब किशोरी गर्भवती हो गई। किशोरी ने आरोपी के घर जाकर उलाहना दिया तो उसके परिवार वालों ने गालीगलौज करते हुए धमकाया। डीसीपी पूर्वी के निर्देश पर नर्वल पुलिस ने आरोपी किशोर पर दुष्कर्म और पॉक्सो के साथ उसके पिता और दो भाइयों के खिलाफ धमकाने का नामजद मुकदमा दर्ज कर आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर लिया है।
नर्वल क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने तहरीर में बताया कि उसकी 14 वर्षीय बेटी को गांव का ही रहने वाले किशोर ने बहला-फुसलाकर और रुपयों का लालच देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जब बेटी गर्भवती हो गई तो उसे इस बारे में पता चल सका। महिला का आरोप है कि बेटी के साथ हुई घटना के बारे में शिकायत करने वह आरोपी के घर गई तो उसके पिता राजकुमार उर्फ केलई और दो भाइयों ने उसके साथ गालीगलौज की और लाठी-कट्टा लेकर मारपीट करने लगे।
महिला का आरोप है कि पुलिस से शिकायत करने पर गड़ासे से काट डालने की धमकी दी। घटना को दबाने के लिए आरोपी का परिवार लगातार प्रताड़ित कर रहा है। मामला संज्ञान में आने के बाद डीसीपी पूर्वी ने एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। नर्वल थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपी किशोर के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो के साथ उसके पिता राजकुमार उर्फ केलई और दो भाइयों पर गालीगलौज, मारपीट करने और धमकाने की नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। रेप के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
