पिथौरागढ़: नहीं खुली सड़क और थम गई उसकी सांसे...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पिथौरागढ़, अमृत विचार। पिथौरागढ़ में चट्टान खिसकने से एक सप्ताह पूर्व बंद हुई बांस-खतीगांव सड़क नहीं खुल पाई है। सड़क बंद होने की वजह से बीमार युवती को समय से अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका। इसके चलते युवती की सांसे थम गईं। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष की सूचना पर एडीएम ने पीडब्लूडी अधिकारियों के साथ बंद सड़क का निरीक्षण कर शीघ्र सड़क खोलने के निर्देश दिए।

पिथौरागढ़ जिले की बांस-खतीगांव सड़क एक सप्ताह पहले चट्टान दरकने से बंद हाे गई थी। तल्लीसार निवासी हरक सिंह की पुत्री गंगा (30) को मंगलवार रात तेज पेट दर्द की शिकायत हुई लेकिन सड़क बंद होने से उसे ग्रामीण अस्पताल नहीं ले जा सके। उपचार नहीं मिलने से गंगा ने घर पर ही दम तोड़ दिया। इस मामले की जानकारी बुधवार सुबह क्षेत्र पंचायत सदस्य सोबन सिंह ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र बोहरा को दी।

 बोहरा ने इस मामले से डीएम रीना जोशी को अवगत कराया। इसके बाद डीएम के निर्देश पर एडीएम शिवकुमार बरनवाल लोक निर्माण विभाग के ईई के साथ बंद सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने ईई को शीघ्र सड़क खोलने के निर्देश दिए। इस अवसर पर ललित सिंह, जमन सिंह, भरत सिंह, कमल सिंह, आनंद सिंह आदि ग्रामीण मौजूद रहे।

संबंधित समाचार