हिमाचल भाजपा अध्यक्ष का आरोप- चुनावों में कांग्रेस ने सरकारी मशीनरी का किया दुरुपयोग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उना/शिमला। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हिमाचल प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजीव बिंदल का कहना है कि कांग्रेस द्वारा सरकारी मशीनरी का ‘दुरुपयोग‘ किए जाने और भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ ‘झूठे मामले’ दर्ज कराने के बावजूद पार्टी ने राज्य की सभी चार लोकसभा सीटों और तीन विधानसभा उपचुनावों में जीत हासिल की है।

भाजपा राज्य में 9 विधानसभा उपचुनावों में से छह में हार गयी। यहां छह विधानसभा उप चुनाव आम चुनावों के साथ और तीन उप चुनाव पिछले सप्ताह हुए थे। बिंदल लोकसभा चुनाव और विधानसभा उप चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा के लिए उना में हुई राज्य भाजपा पदाधिकारियों की बैठक में मौजूद थे। 

बृहस्पतिवार को, बैठक के बाद जारी एक बयान में उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया लेकिन कांग्रेस ने सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया, भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए गए, पार्टी समर्थकों पर दबाव डाला गया और सरकारी कर्मचारियों को डराया-धमकाया गया तथा उन्हें तबादलों की धमकी दी गई।’’ 

शिमला में जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि इन सभी हथकंडों के बावजूद भाजपा ने लोकसभा की सभी चार सीटें जीत लीं। पार्टी ने तीन उपचुनाव भी जीते हैं, जिससे राज्य विधानसभा में उसकी सीटों की संख्या 28 हो गई है।

बयान के अनुसार, बैठक में इस बात को खारिज कर दिया गया कि भाजपा कार्यकर्ता निष्क्रिय थे। निष्कर्ष यह निकला कि सभी कार्यकर्ताओं ने पार्टी के लिए प्रचार किया तथा उसकी जीत सुनिश्चित की। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता जय राम ठाकुर के साथ साथ अनुराग ठाकुर सहित पार्टी सांसद शामिल हुए। 

यह भी पढ़ें:-Bilkis Bano case: सुप्रीम कोर्ट ने बिलकिस बानो मामले में दो दोषियों की याचिका पर विचार करने से किया इनकार

संबंधित समाचार