बागेश्वर: जांच को देवीकुंड जा रही टीम बारिश के कारण रास्ते में फंसी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सुंदरढूंगा में देवीकुंड के पास योगी द्वारा अतिक्रमण कर कुटिया बनाने का मामला

बागेश्वर, अमृत विचार। यूनेस्को की सूची में विश्व धरोहर के रूप में अंकित सुंदरढूंगा में देवीकुंड के पास योगी द्वारा अतिक्रमण करने की शिकायत के बाद जांच के लिए वहां भेजी गई प्रशासन की टीम भारी बारिश के कारण जातोली से आगे नहीं बढ़ पाई है। अब प्रशासन ने जातोली से सुंदरढूंगा के लिए टीम का रूट बदलने का निर्णय लिया है।

बता दें कि सुंदरढूंगा ग्लेशियर यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है। यहां पर किसी प्रकार का निर्माण नहीं हो सकता है। देवीकुंड के मुख्य पुजारी मंगल सिंह के अनुसार भी वहां पर न तो कभी मंदिर था और न ही कभी बनने की अनुमति है। परंतु बीते दिनों योगी चैतन्य आकाश ने वहां पर एक कुटिया बनाने के साथ ही देवीकुंड में स्नान किया।

जिससे ग्रामीण आक्रोशित हो गए तथा उन्होंने इसका विरोध किया। जिस पर प्रशासन ने वहां के लिए 17 सदस्यीय टीम को अतिक्रमण हटाने के लिए सुंदरढूंगा के लिए रवाना किया। टीम को शुक्रवार को देवीकुंड पहुंचना था। परंतु मौसम खराब होने के कारण टीम शुक्रवार को कठलिया तक ही पहुंच सकी।

मौसम खराब होने के कारण टीम को वापस जातोली लौटना पड़ा। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को भी टीम कठलिया होते हुए सुंदरढूंगा को रवाना नहीं हो पाई। क्योंकि वहां लगातार बारिश हो रही है तथा मार्ग ध्वस्त हो रहा है। इधर उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या ने बताया कि टीम अब कठलिया के बजाय अन्य मार्ग से वहां पहुंचने का प्रयास कर रही है। इसके लिए स्थानीय लोगों की सलाह ली जा रही है ताकि सुरक्षित मार्ग से वहां पहुंचा जा सके।

संबंधित समाचार