गोंडा: कर्ज से परेशान फूल कारोबारी ने खुद ही रची थी किडनैप की साजिश, हरिद्वार से पुलिस ने दबोचा
करनैगंज/गोंडा,अमृत विचार। कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र से अपहृत फूल व्यापारी को पुलिस टीम ने हरिद्वार से बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है उसे किसी बदमाश ने नहीं अगवा किया था बल्कि कर्ज से डूबे होने के चलते उसने खुद ही अपने अपहरण की साजिश रची थी। पुलिस उसे हरिद्वार से लेकर गोंडा पहुंच गयी है। कुछ घंटे बाद एसपी प्रेस कांफ्रेंस कर इस नाटकीय अपहरण कांड का खुलासा करेंगे।
करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के रहने वाला फूल व्यापारी अर्जुन राजपूत बृहस्पतिवार की शाम अचानक लापता हो गया था। कुछ देर बाद उसके परिजनों के पास एक फोन कॉल आई जिसमें अर्जुन के अपहरण की जानकारी देते हुए 70 लाख रुपये की फिरौती मांगी गयी थी। यह सुनकर परिजनों के होश उड़ गए थे। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर अर्जुन की तलाश में जुटी थी।
हरिद्वार में था अर्जुन, पुलिस ने कांवड़िए की वेशभूषा पहनकर अर्जुन को दबोचा
अर्जुन के अपहरणकर्ताओं की तलाश में पुलिस की एसओजी व सर्विलांस टीमें लगायी गयी थीं। पहले लखनऊ और फिर हरिद्वार में अर्जुन के मोबाइल की लोकेशन मिली थी। भंभुआ पुलिस चौकी प्रभारी अंकित सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम हरिद्वार भेजी गयी थी। अर्जुन की तलाश को लिए पुलिस टीम को कांवड़िया की वेषभूषा धारण करना पड़ा। कांवड़िया बनकर ही पुलिस ने अर्जुन को हरिद्वार से दबोच लिया।
