रुद्रपुर से लगे निकायों का फीकल स्लज एफएसटीपी में डालने के निर्देश
रुद्रपुर, अमृत विचार। जिलाधिकारी उदयराज सिंह ने नगर निगम काशीपुर की एसटीपी कार्य को शीघ्र पूर्ण करने और रुद्रपुर में एफएसटीपी को सुचारू चलाने के निर्देश सहायक नगर आयुक्त को दिए। उन्होंने रुद्रपुर से लगे निकायों का फीकल स्लज एफएसटीपी में डालने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि निगम क्षेत्र में सेफ्टी टैंक हैं व फीकल स्लज ले जाने वाले निजी वाहनों को चिन्हित करें व वाहनों में जीपीएस लगाकर टेगिंग करें। ताकि फीकल स्लज को एफएसटीपी में ही डाला जा सके।
जिलाधिकारी ने यह निर्देश कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला गंगा समिति की बैठक के दौरान सहायक नगर आयुक्त को दिए। इस दौरान सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि रुद्रपुर में 125 केएलडी क्षमता का एफएसटीपी बनाया गया है जो संचालित है, जिसमें अभी 30 केएलडी फीकल स्लज जाता हैं। इस दौरा जिलाधिकारी ने लिगेसी वेस्ट की जानकारी भी ली। उन्होंने सभी नगर निकायों को घर-घर कूड़ा उठान के साथ ही सेग्रिकेशन व प्रोसेसिंग करने के निर्देश दिए।
कल्याणी नदी के पुनर्जीवन एवं अपने मूल स्वरूप में लाने के लिए जिला प्रशासन, राजस्व विभाग, नगर निगम एवं सिंचाई विभाग द्वारा संयुक्त अभियान चलाकर किए जा रहे कार्य की जानकारी अधिशासी अभियंता सिंचाई व सहायक नगर आयुक्त ने दी। उन्होंने बताया कि कल्याणी नदी की सफाई गतिमान है। अब तक कल्याणी नदी के किनारे बसे 600 अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयों के गंदे पानी के ट्रीटमेंट के लिए ट्रीटमेंट प्लांट प्रस्तावित करने के निर्देश दिये। सहायक श्रमायुक्त को आरएम सिडकुल के साथ वार्ता कर औद्योगिक आस्थानों का ट्रीटेड पानी का दोबारा उपयोग करने की योजना बनाने के निर्देश दिए। गदरपुर में संचालित बायोमेडिकल वेस्ट प्लांट का निरीक्षण करने के निर्देश सीएमओ को दिए।
यह लोग रहे मौजूद-
डीएफओ यूसी तिवारी, सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा, उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट, ओसी कलेक्ट्रेट गौरव पांडे, अधिशासी अभियंता सिंचाई पीसी पांडे, नामित सदस्य डॉ. आशुतोष पंत, सहायक नगर आयुक्त राजू नबियाल सहित ईओ नगर पालिका व नगर पंचायत मौजूद थे।
