UP News: आज पूरा हो जाएगा राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का कार्यकाल, विस्तार मिलेगा या होगी नये राज्यपाल की नियुक्ति, कयास जारी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ,अमृत विचार। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का कार्यकाल आज यानी 29 जुलाई को समाप्त होगा। ऐसे में उन्हें विस्तार मिलेगा या उनकी जगह कोई और राज्यपाल नियुक्त होगा, इसको लेकर कयास जारी है। फिलहाल प्रदेश विधानमंडल सत्र की शुरुआत को देखते हुए उनके अभी पद पर बने रहने की संभावना जताई जा रही है। मूल रूप से गुजरात की रहने वाली आनंदीबेन पटेल ने 29 जुलाई 2019 को प्रदेश के राज्यपाल का पदभार संभाला। 

इससे पहले आनंदीबेन पटेल गुजरात की पहली महिला मुख्यमंत्री रहीं। प्रदेश में सरोजनी नायडू के बाद वह दूसरी महिला राज्यपाल हैं। वह इससे पहले मध्य प्रदेश व छतीसगढ़ की राज्यपाल रह चुकी है। संवैधानिक व्यवस्था के तहत राज्यपाल की नियुक्ति पांच साल के लिए होती है। 

नये राज्यपाल की नियुक्त न होने पर उनका कार्यकाल नये राज्यपाल की नियुक्ति होने तक स्वतः बना रहता है। मौजूदा राज्यपाल के कार्यकाल बढ़ाने के लिए किसी आदेश की आवश्यकता नहीं होती है। 29 जुलाई से शुरू हो रहे विधानमंडल सत्र को देखते हुए मौजूदा राज्यपाल के अभी पद पर बने रहने की संभावना जताई जा रही है।

किसी को दोबारा कार्यकाल नहीं मिला

प्रदेश राजभवन का इतिहास बताता है कि यहां अभी तक किसी का कार्यकाल नहीं बढ़ाया गया। यूनाइटेड प्रॉविंस व बाद में उत्तर प्रदेश में अभी तक 24 राज्यपाल बन चुके हैं। आनंदीबेन 25वीं राज्यपाल हैं। 

मोहम्मद उस्मान आरिफ, टीवी राजेश्वर और राम नाईक समेत अन्य राज्यपाल ने पांच साल का कार्यकाल पूरा किया है। बीएल जोशी ने भी यहां लगभग 4 साल 11 महीने बिताए थे। कार्यकाल खत्म होने के लगभग पांच हफ्ते पहले अजीज कुरैशी को राजभवन भेजा गया था।

यह भी पढ़ें:-बलिया अवैध वसूली कांड में फरार निलंबित थानाध्यक्ष गिरफ्तार, जानिए कैसे होता था खेल...

संबंधित समाचार