Fatehpur: अवैध कांटे पर आईजी की छापेमारी, थाना प्रभारी समेत तीन पुलिस कर्मी निलंबित
फतेहपुर, अमृत विचार। रविवार रात आईजी जोन प्रयागराज प्रेम कुमार गौतम की सादी वर्दी में छापेमारी से हड़कंप मच गया। थरियांव हाईवे पर ट्रकों से चोरी की सरिया खरीद फरोख्त का मामला पकड़ते हुए देर रात थानाध्यक्ष रणजीत बहादुर सिंह, हलका इंचार्ज बृजेश यादव, बीट सिपाही आशीष यादव को निलंबित कर दिया। आईजी के रडार पर अभी और भी कई पुलिसकर्मी है, जिन पर गाज गिर सकती है।
आईजी प्रयागराज जोन प्रेम कुमार गौतम ने थरियांव थानाक्षेत्र के टेकसारी मोड़ पर छापामारी करते हुए अवैध तरीके से सरिया खरीद फरोख्त का मामला पकड़ा। मौके से चार ट्रक पकड़े गए। बताया जा रहा है कि आईजी के पहुंचते ही संचालक समेत कई लोग मौके से फरार हो गए। प्रेम कुमार गौतम ने थानाध्यक्ष की कथित भूमिका को लेकर प्रभारी समेत तीन को निलंबित कर दिया है।
बता दें कि थानाक्षेत्र के टेक्सारी मोड़ पर पिछले दो वर्षों से अवैध काटा संचालित हो रहा था। कांटे के माध्यम से लाखों की सरिया की खरीद फरोख्त का काला कारनामा पुलिस के संरक्षण में अंजाम दिया जा रहा था। बताया जा रहा है कि प्रयागराज जोन आईजी प्रेम कुमार गौतम को इस संबंध में शिकायत मिली थी। रविवार देर रात सादी वर्दी में आईजी ने छापेमारी करते हुए मौके से चार ट्रक सरिया उतारते हुए पकड़ लिया।
संचालक देखते हुए अपने साथियों के साथ फरार हो गया। अवैध काटा संचालक कौशांबी का रहने वाला है। आईजी ने ट्रकों को जब्त करते हुए देर रात जमीन के मालिक सहित कई लोगों को हिरासत में ले लिया। सादी वर्दी में पहुंचे आईजी की छापेमारी में चोरी की बड़ी मात्रा में सरिया पकड़ने के बाद पुलिस की भूमिका को भी संदिग्ध पाया गया।
देर रात एसपी ने थानाध्यक्ष रणजीत बहादुर सिंह, हलका इंचार्ज बृजेश यादव, बीट सिपाही आशीष यादव पर कार्रवाई करते हुए सस्पेंड कर दिया। सूत्रों की मानें तो सटीक सूचना पर पहुंचे आईजी की गाज अभी कई पुलिसकर्मियों पर गिरने वाली है।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने झारखंड के हजारी बाग जनपद के धमना थाना क्षेत्र के ससैया निवासी भारत साब पुत्र बुद्धन, झारखंड के चतरा जनपद के राजपुर थाना क्षेत्र के गडिया निवासी कृष्णा यादव पुत्र शीबू यादव, झारखंड के हजारी बाग जनपद के बरही थाना क्षेत्र के पूराहार निवासी छोटन कुमार यादव पुत्र मुंशी यादव, झारखंड के चतरा जनपद के मजुर हंट थाना क्षेत्र के अलखडीहा निवासी नीलेश कुमार पुत्र लल्लन शाह, झारखंड के चतरा जनपद के ईटखोरी निवासी विनोद कुमार रविदास पुत्र भुनेश्वर रविदास, थरियांव थाना क्षेत्र के भारतपुर गांव निवासी सोभित उर्फ ननका पुत्र अतर सिंह और कौशांबी जनपद के सैनी थाना क्षेत्र के अझुवा वार्ड नम्बर दो के निवासी सूरज मौर्या पुत्र पप्पू मौर्या की गिरफ्तारी की है।
वहीं मौके से फरार हुए कौशांबी जनपद के सैनी थाना क्षेत्र के घुमाई ककराली निवासी नरेन्द्र उर्फ ननचू पुत्र विजय शंकर पाल, खागा कोतवाली के गढ़ी निवासी जयसिंह उर्फ बबलू पुत्र युवराज सिंह और कौशाम्बी जपद के सैनी थाना क्षेत्र के अडझमुवा वार्ड नम्बर छह के निवासी कृष्णा यादव उर्फ कुटल्लू पुत्र राजेश सिंह की तलाश पुलिस ने शुरू कर दी है।
मौके से बरामद हुआ यह सामान
पुलिस ने मौके से तीन ट्रेलर ट्रक पर लदी 35 बण्डल अवैध सरिया, जमीन पर पड़े अलग अलग आकार की चोरी की सरिया, चार अदद लोहे का एंगल, 26 बंडल लोहे का मोटा तार, दो बंडल लोहे के पतले तार और तार काटने व तौलने के उपकरण बरामद किए है।
