हल्द्वानी: क्रिकेटर रिंकू सिंह ने किए बाबा नीब करौरी के दर्शन
हल्द्वानी, अमृत विचार। भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते बल्लेबाज रिंकू सिंह शनिवार को कैंची धाम पहुंचे। उन्होंने बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्रीलंका दौरे में आखिरी टी 20 में अपनी गेंदबाजी से भारतीय टीम को जीत दिलाने वाले रिंकू सिंह शनिवार को नीब करौरी बाबा के दर्शन के लिए कैंची धाम पहुंचे। कैंची धाम पहुंचने पर रिंकू सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कैंची धाम की फोटो भी शेयर की। रिंकू सिंह के कैंची धाम पहुंचने की भनक लगते ही बड़ी संख्या में फैंस ने उन्हें घेर लिए। इसके बाद रिंकू सिंह फैंस के साथ फोटो खिंचवाते भी नजर आए।
रिंकू सिंह भारतीय टी-20 टीम के अहम खिलाड़ी हैं, हालांकि उन्हें टी-20 विश्व कप टीम में रिजर्व के खिलाड़ी के रूप में रखा गया था। उनका स्ट्राइक रेट भी काफी अच्छा है। इससे पूर्व साल 2022 में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने अपनी पत्नी व अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के साथ कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीम करौली के दर्शन किए थे।उसके बाद से लगातार कई हस्तियों के कैंची धाम पहुंचने का दौर जारी है। कुछ महीने पहले भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धौनी भी कैंची धाम पहुंचे थे।
