बागेश्वर: गिरफ्तार एनएसयूआई कार्यकर्ताओं पर लगी संगीन धाराएं हटी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बागेश्वर, अमृत विचार। अभाविप व एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद के बाद गिरफ्तार छह एनएसयूआई कार्यकर्ताओं पर लगाई संगीन धाराएं पुलिस ने वापस ले ली हैं। धारा हटाने के बाद न्यायालय ने सभी छह छात्रों को जमानत दे दी। इसके बाद कांग्रेस का आंदोलन भी समाप्त हो गया है।

बता दें कि एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के बाद उन पर पुलिस ने लूट, गुंडा एक्ट जैसी धाराएं लगाई थी जिस कारण उनकी जमानत नहीं हो पा रही थी। छात्रों से संगीन धाराएं हटाने की मांग को लेकर कांग्रेस ने एसपी कार्यालय में धरना शुरू कर दिया था। धरने के पांचवे दिन पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने भी आंदोलन स्थल पर पहुंचकर अपना समर्थन दिया।

इधर पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे ने आंदोलनकारियों को वार्ता के लिए बुलाया जिस पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण व पूर्व जिपं अध्यक्ष हरीश ऐठानी, पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र टंगणियां आदि ने एसपी से वार्ता की। एसपी ने उन्हें बताया कि जांच के बाद गिरफतार छात्रों पर लगाई गई संगीन धाराएं हटा दी गई हैं।

जिसके बाद नेताओं ने कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी दी। जिस पर वरिष्ठ नेताओं के निर्णय के अनुसार आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की गई। इस दौरान जिला महामंत्री कवि जोशी, गीता रावल, गोकुल परिहार, गोपा धपोला, सुनील भंडारी, मुन्ना पांडे आदि दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल थे।

संबंधित समाचार