Sambhal News : पंखे में उतरे करंट से 7 वर्षीय छात्र की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
स्कूल जाने को बैग उठाने के दौरान हुई घटना, सरस्वती बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में कक्षा तीन का छात्र था
चन्दौसी, अमृत विचार। गणेश कॉलोनी में मंगलवार की सुबह सात बजे टेबिल फैन में उतरे करंट की चपेट में आने से 7 वर्षीय बालक की मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। दोपहर को बालक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
गणेश कॉलोनी निवासी नितिन वार्ष्णेय अपने परिवार में पत्नी चंचल वार्ष्णेय, पुत्र लक्ष्य वार्ष्णेय (9 वर्ष) व देव वार्ष्णेय (7 वर्ष) के साथ रहते हैं। वह सीता रोड पर बैटरी की दुकान पर कार्य करते हैं। देव सीता रोड स्थित सरस्वती बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में कक्षा तीन का छात्र था। मंगलवार की सुबह सात बजे दोनों भाई स्कूल जाने के लिए तैयार हो रहे थे। तभी देव अपना स्कूली बैग लेने कमरे में गया। वहां मेज पर बिजली का पंखा रखा था, जिसका प्लग बोर्ड में लगा था, मगर स्विच बंद था।
इसके बाद भी पंखे में करंट आ रहा था। जैसे ही देव ने स्कूली बैग उठाने का प्रयास किया, तो पंखे से छू जाने के कारण झटका लगा और देव पंखे के ऊपर गिर गया। कुछ समय बाद बड़ा भाई लक्ष्य कमरे में पहुंचा तो अंदर का दृश्य देख चीखने लगा। चीख सुनकर मां चंचल मौके पर पहुंची और बिजली के बोर्ड से पंखे का प्लग निकाल दिया। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पिता भी आ गए। आनन-फानन में बालक को निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मां चंचल, पिता नितिन व भाई लक्ष्य का रो-रोकर बुरा हाल है। दोपहर को बालक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
छात्र की मौत से विद्यालय में हुआ अवकाश
छात्र देव की मौत की जानकारी सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज के प्रशासन को हुई तो विद्यालय में शोक व्याप्त हो गया। बालक को श्रद्धांजलि देने के बाद शोक स्वरूप अवकाश घोषित कर दिया गया।
ये भी पढ़ें : संभल : पैगंबर मुहम्मद साहब पर अपमानजनक बयान को लेकर भड़के उलेमा, दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की उठाई मांग
