लखीमपुर खीरी : दबंगों ने फायरिंग कर फैलाई दहशत, चाचा भतीजे को जमकर पीटा
पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना खीरी क्षेत्र के गांव इकबालपुर में पिता को गाली देने से मना करने पर भड़के आरोपियों ने प्रधानपुत्र और उसके चाचा की जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि तमंचे से फायरिंग कर दहशत फैला दी। ग्रामीणों के विरोध करने पर आरोपी जान से मार देने की धमकी देकर भाग निकले। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव इकबालपुर निवासी आलोक कुमार वर्मा ग्राम प्रधान हैं। उनका पुत्र अमन वर्मा शाम करीब 04.21 बजे अपने चाचा बलराम के साथ ग्राम पंचायत के गांव बरतेरवा जा रहा था। अमन वर्मा ने बताया कि जव वह लोग बाबूराम के मकान के पास पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद गांव के ही वीरेंद्र पाल ने उन्हें देखते ही उसके प्रधान पिता को गाली देने लगा। उन्होंने जब गाली देने से मना किया तो आरोपी भड़क गया। उसने अपने परिवार के लोगों को भी बुला लिया। आरोप है कि वीरेंद्र पाल ने अपने अन्य परिवारीजन टीकाराम, बहोरीलाल व पृथ्वीपाल के साथ मिलकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। टीकाराम ने तमंचे से हवाई फायर किया, जिससे गांव में दहशत फैल गई। गोली चलने की आवाज और शोरगुल सुनकर तमाम ग्रामीण मौके पर आ गए। तब आरोपी जान से मार देने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। हमलावरों की पिटाई से वह व उसके चाचा घायल हो गए। थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि प्रधान पुत्र की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
