बाराबंकी: तालाब में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
बाराबंकी। बाराबंकी के थाना टिकैतनगर क्षेत्र के गांव में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में तालाब से बरामद हुआ। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। परिवार वालों ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। थाना टिकैतनगर क्षेत्र के महदीपुर निवासी धर्मेंद्र पुत्र जंगबहादुर पटरंगा क्षेत्र में संविदा पर …
बाराबंकी। बाराबंकी के थाना टिकैतनगर क्षेत्र के गांव में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में तालाब से बरामद हुआ। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। परिवार वालों ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है।
थाना टिकैतनगर क्षेत्र के महदीपुर निवासी धर्मेंद्र पुत्र जंगबहादुर पटरंगा क्षेत्र में संविदा पर लाइनमैन था। गुरुवार की रात आठ बजे वह आल्हन मऊ गांव में बिजली जोड़ने के लिए घर से निकला था। तभी से वह लापता था। परिवार वालों ने रात में खोजबीन की लेकिन कहीं पता नहीं चल सका।
शुक्रवार को सुबह खेत पर गए ग्रामीणों को गांव के बाहर तालाब के किनारे शव दिखाई पड़ा। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे कोतवाल आलोक कुमार वर्मा व चौकी इंचार्ज अशोक सिंह ने शव को बाहर निकलवाया। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। इसके अलावा गले में भी निशान हैं। मौके पर से पुलिस ने एक बाइक भी बरामद की है जिस पर विद्युत विभाग लिखा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शव मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। घटनास्थल का सीओ रामसनेहीघाट पंकज कुमार सिंह ने निरीक्षण किया। मृतक के भाई ने बताया कि धर्मेंद्र की हत्या करके शव तालाब में फेका गया है। कोतवाल आलोक कुमार वर्मा का कहना है कि धर्मेंद्र बाइक समेत तालाब में मिला है। उसके सिर पर चोट के निशान मिले है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
