Chitrakoot News: अंधविश्वास में 100 साल की दादी को मुक्का मारा...मौत, पुलिस ने आरोपी युवक को किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

चित्रकूट में दादी की मौत क आरोपी गिरफ्तार

चित्रकूट, अमृत विचार। एक युवक ने अंधविश्वास और तंत्रमंत्र के चक्कर में अपनी सौ साल की दादी के मुंह पर मुक्का मार दिया। इससे उनकी हालत गंभीर हो गई। अस्पताल ले जाते समय उनकी सांसें थम गई। युवक के पिता ने आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 

अंधविश्वास में हुई हत्या की यह घटना रैपुरा थानांतर्गत मिश्रनपुरवा चरदहा में एक अनुसूचित जाति के परिवार की है। जानकारी के मुताबिक, 26 अगस्त की रात लगभग 11 बजे मनोज (28) पुत्र चुनबाद ने अपनी दादी बुधिया (100) को सोते समय मुंह में मुक्का मार दिया। इसके पहले उसने अपने पिता के साथ मारपीट की। 

परिजनों की मानें तो मनोज मानसिक रूप से बीमार है और घर में तंत्रमंत्र की क्रियाएं करने का दावा करता रहता है। मुंह में मुक्का लगने से वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। चुनबाद ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई। 

प्रभारी निरीक्षक श्यामप्रताप पटेल ने बताया कि मंगलवार को एसआई रविकांत राय ने मनोज को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली टीम में मुख्य आरक्षी अशोक कुमार, आशाराम, आरक्षी अंकित शुक्ला और शिखा उदगेड़कर शामिल रही।

ये भी पढ़ें- CM Yogi के Kanpur आगमन की तैयारी में जुटी पुलिस...LIU व खुफिया सक्रिय, BJP में भी तैयारियां शुरू, अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण

 

संबंधित समाचार