सितारगंज: जुड़वा बहनों से छेड़खानी पड़ी महंगी, युवक गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सितारगंज, अमृत विचार। नगर क्षेत्र में रहने वाली दो जुड़वा नाबालिग बहनों के साथ एक युवक द्वारा काफी समय से छेड़खानी करने का मामला सामने आया है। आरोपी दोनों बहनों को रास्ते में रोककर जबरन पत्र भी थमाता था। आरोपी किशोरियों को गुंडों से उठवाने की धमकी भी देता था। गुरुवार को परिजनों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

गुरुवार को एक व्यक्ति ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि मूल खिदमतपुर मुरादाबाद हाल वार्ड दो निवासी विपिन कुमार पुत्र सतरज कुमार उनकी 13 वर्ष की जुड़वा बेटियों के साथ लंबे समय से छेड़खानी कर रहा है। आरोपी बेटियों को गुंडों से उठवाने की धमकी भी देता है।

बताया कि स्कूल जाने या बाहर जाने पर आरोपी दोनों बहनों को जबरन पत्र भी थमाता है। इससे दोनों बेटियां डरी-सहमी रहती हैं। गुरुवार को आरोपी ने फिर छेड़खानी की। परिजनों को जैसे ही पता चला, उन्होंने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। एसएसआई कविंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 74, बीएनएस की धारा 352, 9/10 में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसे अदालत में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया है।

संबंधित समाचार