पंतनगर: फंदे पर लटका मिला विवि कर्मी, मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पंतनगर, अमृत विचार। विवि का एक नियमित कर्मी सोमवार सुबह अपने घर में फंदे से लटका मिला। परिजनों को जानकारी होने तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। जिसकी शाम को पंतनगर शमशान घाट पर गमगीन माहौल में अंत्येष्टि कर दी गई।

छत्तीसगढ़ का मूल निवासी जवाहर (52) पुत्र मनिराम जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालय के प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में कृषि श्रमिक के पद पर कार्यरत था। वह परिसर के एन ब्लॉक में झोपड़ी बनाकर सपरिवार रहता था। रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे सभी लोग खाना खाकर सो गए। सोमवार सुबह लगभग छह बजे उनका पुत्र चाय देने उनके कमरे में गया, तो पिता को लुंगी के सहारे छप्पर की बल्ली से लटके पाया।

जिससे घर में कोहराम मच गया। पुत्र ने घटना की सूचना सुरक्षा विभाग सहित पुलिस को दी। करीब आठ बजे पहुंचे पुलिस कर्मियों ने शव को फंदे से उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवार में पत्नी, तीन पुत्र व एक पुत्री का भरा पूरा परिवार है। पड़ोसियों ने बताया कि मृतक शराब का आदी था और आए दिन पीकर हंगामा करता रहता था।

संबंधित समाचार