इस बार दीपावली पर पटाखे न जलायें: केजरीवाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। राजधानी में कोरोना के रोजाना आ रहे रहे रिकार्ड मामले और खतरनाक होते प्रदूषण को देखते हुए मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने गुरुवार को इस बार भी दीपावली पर पटाखे नहीं जलाने की पुरजोर अपील की। केजरीवाल ने दिल्ली में कोरोना और हवा प्रदूषण की समस्या का हवाला देते हुए वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए …

नई दिल्ली। राजधानी में कोरोना के रोजाना आ रहे रहे रिकार्ड मामले और खतरनाक होते प्रदूषण को देखते हुए मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने गुरुवार को इस बार भी दीपावली पर पटाखे नहीं जलाने की पुरजोर अपील की। केजरीवाल ने दिल्ली में कोरोना और हवा प्रदूषण की समस्या का हवाला देते हुए वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए आज कहा कि पूरी दिल्ली के दो करोड़ लोग मिलकर एकसाथ दीपावली मनायेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गत वर्ष जिस तरह हमने दीपावली पर पटाखे नहीं जलाने का संकल्प लिया था और दिल्ली के दिल कनॉट प्लेस में जुटकर दीपावली की खुशियां बांटी थीं। ठीक उसी तरह इस साल भी हम साथ मिलकर दिवाली मनाएंगे और पटाखे नहीं जलाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार दीपावली के दिन लक्ष्मीपूजन का शुभ मुहुर्त शाम 7.39 बजे है। उन्होंने कहा कि 14 तारीख को शाम 7.39 बजे हम फिर से कनॉट प्लेस में जुटेंगे। वहां एक जगह लक्ष्मी पूजन करेंगे।

उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्यों की सरकारों ने किसानों के लिए कुछ नहीं किया जिस कारण पराली जलाने की समस्या वर्षों से कायम है। फिलहाल राजधानी के लोग कोरोना वायरस के दिन प्रतिदिन रिकार्ड तोड़ नये मामलों और दमघोंटू अबोहवा के प्रदूषण जहर की वजह से काफी दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। गुरुवार को दिल्ली की हवा ‘बेहद खराब’ से ‘गंभीर’ श्रेणी में रही है।

दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (डीपीसीसी) के अनुसार गुरुवार आरके पुरम में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) का स्तर 451 रहा । लोधी रोड पर यह 394, आईजीआई एयरपोर्ट पर 440 और द्वारका में 456 था। मानकों के अनुसार शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के मध्य खराब, 301 से 400 के बीच बेहद खराब और 401 से 500 के मध्य गंभीर माना जाता है । उधर दिल्ली सरकार ने माना है कि राजधानी में कोरोना वायरस की तीसरी लहर चल रही है।

संबंधित समाचार