Delhi News: दुष्कर्म के बाद महिला को अचेत अवस्था में फेंका, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में 34-वर्षीय एक महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया और बाद में उसे अर्धचेतन अवस्था में फेंक दिया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, एक राहगीर ने महिला को सराय काले खां इलाके में देखा और पुलिस को शुक्रवार तड़के साढ़े तीन बजे सूचना दी। 

उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और उसे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ट्रॉमा सेंटर ले गई। पुलिस ने कहा कि उन्हें संदेह है कि महिला के साथ यौन उत्पीड़न कहीं अन्यत्र किया गया और बाद में सराय काले खां इलाके में फेंक दिया गया। 

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि महिला ने एक साल पहले ओडिशा स्थित अपना घर छोड़ दिया था और तब से दिल्ली में रह रही थी। अधिकारी ने बताया, "पीड़िता दिल्ली के कटवारिया सराय में एक अन्य महिला के साथ रहती थी।" उन्होंने बताया कि बाद में अगस्त में एक विवाद के कारण उसे वहां से चले जाने को कहा गया और वह कई दिनों तक फुटपाथ पर ही रही। 

अधिकारी ने बताया कि वह स्नातक है और उसे पहले दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के जमरूदपुर में देखा गया था, जहां उसने कथित तौर पर एक घर में जबरन घुसने की कोशिश की थी। उन्होंने बताया कि हालांकि उस समय कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। 

अधिकारी ने कहा, "वह अपना बयान बदल रही है और जांचकर्ताओं के साथ सहयोग नहीं कर रही है। उसके परिजनों को सूचित कर दिया गया है और उसे निगरानी में रखा गया है।" पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी निगरानी के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। 

यह भी पढ़ें:-Dussehra 2024: रावण दहन आज, क्या इन बुराइयों से मिलेगा हमे छुटकारा या बसी रहेगी समस्याओं की लंका

संबंधित समाचार