Haryana : नायब सिंह सैनी आज लेंगे मु्ख्यमंत्री पद की शपथ, कार्यक्रम में मोदी और शाह भी होंगे शामिल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, हरियाणा :  नायब सिंह सैनी बृहस्पतिवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे और इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेतृत्व के अलावा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के अन्य नेता भी शामिल होंगे। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय सैनी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

सैनी दूसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे। इस दौरान सैनी के मंत्रिमंडल के सदस्यों को भी शपथ दिलाए जाने की संभावना है। हरियाणा में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 14 मंत्री हो सकते हैं। पंचकूला में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। हरियाणा में पांच अक्टूबर को हुए चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 90 सदस्यीय विधानसभा में 48 सीट जीतकर राज्य में ऐतिहासिक तीसरा कार्यकाल हासिल किया। वहीं कांग्रेस ने 37 सीट पर जीत दर्ज की।

सैनी (54) ने बुधवार को दत्तात्रेय से मुलाकात की थी। उन्होंने पंचकूला में पार्टी कार्यालय में आयोजित एक बैठक में सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद अगली सरकार बनाने का दावा पेश किया। हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने के साथ-साथ सैनी दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

यह भी पढ़ें:- मथुरा में बड़ा हादसा : खम्भे से टकराई तेज रफ्तार वैन, मां बेटी समेत 4 की मौत

संबंधित समाचार