पिथौरागढ़ में आदमखोर गुलदार शिकारी की गोली से ढेर
पिथौरागढ़,अमृत विचार। पिथौरागढ़ के बेरीनाग में आदमखोर गुलदार को सोमवार की सुबह मार गिराया गया। गुलदार ने छह साल की मासूम बच्ची को निवाला बनाया था। वन विभाग के एसडीओ नवीन चंद्र पंत ने बताया कि शिकारी जॉय हुकिल की गोली ने आदमखोर गुलदार को मार गिराया है। गौरतलब है कि गुलदार ने बीती 7 …
पिथौरागढ़,अमृत विचार। पिथौरागढ़ के बेरीनाग में आदमखोर गुलदार को सोमवार की सुबह मार गिराया गया। गुलदार ने छह साल की मासूम बच्ची को निवाला बनाया था। वन विभाग के एसडीओ नवीन चंद्र पंत ने बताया कि शिकारी जॉय हुकिल की गोली ने आदमखोर गुलदार को मार गिराया है।
गौरतलब है कि गुलदार ने बीती 7 अक्टूबर की शाम 6:15 बजे बेरीनाग के भट्टी गांव निवासी भगतराम की 6 वर्षीय बेटी हिमानी को घर से उठाकर ले गया था। बाद में मासूम का आधा खाया शव घर से 100 मीटर दूर जंगल में मिला था। इस घटना से पूरा गांव दहशत में था। हालांकि वन विभाग ने पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की कोशिश की थी लेकिन पकड़ में नहीं आ सका।
गुस्साए ग्रामीणों ने गुलदार को आदमखोर घोषित कर मारने की मांग की थी। इस पर वन विभाग ने गुलदार को आदमखोर घोषित कर शिकारियों की टीम को बुला लिया था। गुलदार को मारने के लिए प्रदेश के मशहूर शिकारी जॉय हुकिल घटनास्थल के आसपास डेरा डाले हुए थे। हुकिल ने बताया कि घटना के बाद बीती चार नवंबर से वह घटनास्थल के आसपास डेरा डाले हुए थे।
रविवार को घटनास्थल के आसपास सर्चलाइट के जरिए गश्त की जा रही थी कि रात्रि 9:20 पर गुलदार दिखाई दिया और पहली गोली में ढेर हो गया। उन्होंने बताया मादा गुलदार है इसकी उम्र लगभग 7 वर्ष है। सोमवार को गुलदार के शव का पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार कर दिया।
