मुरादाबाद: लूट या कातिल से संघर्ष के निशान नहीं मिले, पांच सौ मीटर भागने के बाद भटक गया डाग स्क्वायड
मुरादाबाद, अमृत विचार। युवती की गला रेतकर हत्या की सूचना पर मौके पर पहुंची टीमों ने सुराग की तलाश शुरू कर दी। मौका-मुआयना करने के बाद लूट या फिर कातिल से संघर्ष के कोई निशान नहीं मिले। अलग-अलग हुई पूछताछ में परिजन रंजिश से इंकार करने लगे। वहीं निशान न मिलने के बाद घर की …
मुरादाबाद, अमृत विचार। युवती की गला रेतकर हत्या की सूचना पर मौके पर पहुंची टीमों ने सुराग की तलाश शुरू कर दी। मौका-मुआयना करने के बाद लूट या फिर कातिल से संघर्ष के कोई निशान नहीं मिले। अलग-अलग हुई पूछताछ में परिजन रंजिश से इंकार करने लगे।
वहीं निशान न मिलने के बाद घर की आर्थिक स्थिति भी ऐसी नहीं थी कि लूट के इरादे से हत्या की आशंका को बल मिल सके। लिहाजा पुलिस ने आनर किलिंग व प्रेम प्रसंग के बिन्दु पर अपनी जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों से पूछताछ करने के बाद पुलिस को ऐसे संकेत भी मिले। वहीं भले ही डॉग स्क्वायड पांच सौ मीटर जाने के बाद भटक गया हो लेकिन घर के बराबर के जिस रास्ते पर वह भागा उसका एक हिस्सा वापस गांव की ओर आता है। लिहाजा इसकी भी पुख्ता आशंका जताई जा रही है कि कातिल गांव का ही है।
हत्या की सूचना मिलने पर सीओ कटघर मनीष कुमार यादव फारेंसिक की टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल को सील करने के बाद टीम ने बारीकी से प्रिंट लेने शुरू कर दिए। शव के आसपास मिले कपड़े, बर्तन और दरवाजे के प्रिंट लिए। मौका-मुआयना करने में साफ जाहिर हो रहा था कि मौत होने से पहले पूजा ने कोई खास विरोध नहीं किया है। वार इतना तेज था कि गले की नस पूरी तरह से कट गई और गहरा घाव हो गया।
परिजनों के आने के बाद पुलिस ने अलग-अलग पूछताछ की तो उन्होंने रंजिश से इंकार कर दिया। घर का कोई सामान या जेवर भी गायब नहीं था। इससे तय हो गया कि कातिल का इरादा केवल हत्या करने का ही था। इसके बाद पुलिस ने बर्तनों के बीच एक धारदार हसिया पड़ा देखा। हसिया तो साफ था लेकिन एक बर्तन में रखे पानी का रंग हल्का लाल होने पर पुलिस ने उसका भी सैंपल ले लिया।
आनर किलिंग व प्रेम प्रसंग पर भी जांच शुरू
परिजनों के अलावा कुछ ग्रामीणों से अलग-अलग पूछताछ करने के बाद लूट की आशंका को बल नहीं मिला तो पुलिस ने अपनी जांच आनर किलिंग व प्रेम-प्रसंग पर शुरू कर दी। एसएसपी ने एक टीम को परिजनों का बैक ग्राउंड खंगालने के आदेश दिए। इसके बाद पहुंचे डॉग स्क्वायड की भी मद्द ली गई। घटनास्थल के अलावा पास मिले हसिए का हत्था सुंघाने के बाद डाग स्क्वायड ने घर के बराबर से गुजर रही सड़क पर दौड़ लगा दी। यह सड़क आधा किलोमीटर दूर लगने वाली साप्ताहिक बाजार की ओर जाती है। जबकि बीच से एक हिस्सा गांव के दूसरे हिस्स की ओर जाता है। हालांकि पांच सौ मीटर जाने के बाद वह भी भटक गया।
आठ भाई-बहनों में चौथे नंबर पर थी पूजा
पूछताछ के दौरान विष्णु कुमार ने बताया कि उसके आठ बच्चे थे, जिसमें छह बेटियां थी। पूजा से बड़ी बेटी नीरज, राधा और मंजू की शादी हो चुकी है। चौथे नंबर पर पूजा थी, जिसके रिश्ते के लिए भी प्रयास कर रहे थे। पूजा के बाद दो बेटी आरती, पूनम व दो बेटे मनीष और संजय है। सबसे पहले शव पूनम ने देखा था।
अमित आनंद, एसपी सिटी
सभी प्वाइंटों पर जांच की जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के स्थिति और स्पष्ट होगी, उसके हिसाब से भी जांच की जाएगी।
