पढ़िए कैसे बंद कमरे में अंगीठी और ब्लोअर जलाना बन सकता है आपके लिए जानलेवा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनीताल, अमृत विचार। सरोवर नगरी में बर्फबारी के बाद ठंड में काफी इजाफा हो गया है। लोग अलाव, हीटर और ब्लोअर का सहारा ले रहे हैं। जिससे खतरा भी बना हुआ है। ऐसे में अग्निशमन विभाग की ओर से लोगों से बंद कमरे में अंगीठी और ब्लोअर न जलाने की अपील की जा रही है।


 बीते वर्षों में घरों में आग लगने की घटना के साथ ही दम घुटने से लोगों की मौत के कई मामले सामने आये हैं। इसको देखते हुए अग्निशमन विभाग की ओर से लोगों को जाड़े के दौरान विशेष ध्यान देने की अपील की जा रही है। एफएसओ किशोर उपाध्याय ने बताया कि लोगों को अंगीठी सेंकने के बाद सावधानी से उसको बाहर रखना चाहिए या बुझा देना चाहिए। साथ ही ब्लोअर या हीटर भी ऑफ कर के ही सोना चाहिए। घर से बाहर जाते समय भी हीटर और ब्लोअर को ऑफ कर निकलना चाहिए। छोटी सी भूल या लापरवाही से कई बड़े हादसे हो सकते हैं।


दम घुटने से बिगड़ सकती है तबीयत


नैनीताल : बीडी पांडे अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. एमएस दुग्ताल ने बताया कि बंद कमरे में जहां वेंटिलेशन की सही व्यवस्था न हो अंगीठी जलाकर देर तक बैठना या सोना खतरनाक हो सकता है। बंद कमरे में ब्लोअर या अंगीठी जलाने से ऑक्सीजन का स्तर धीरे-धीरे कम होने लगता है। कार्बन मोनोऑक्साइड का स्तर बढ़ने लगता है, जिससे कमरे में बैठे या सो रहे व्यक्ति का दम घुट सकता है। वह बेहोश हो सकता है, जिससे उसकी मौत भी हो सकती है।

संबंधित समाचार