रामपुर: कांग्रेसी नेता घरों में नजरबंद, गांधी समाधि पर पुलिस तैनात  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

 विधानसभा घेरने के लिए सुबह 7 बजे जाना था लखनऊ

रामपुर, अमृत विचार। 18 दिसंबर को लखनऊ विधानसभा पर प्रदर्शन करने के लिए कांग्रेसियों ने सुबह 7 बजे गांधी समाधि से निकलने का एलान किया था। कांग्रेसी गांधी समाधि तक पहुंच पाते इससे पहले ही पुलिस ने कांग्रेसियों को उनके घरों में नजरबंद कर दिया। इसके अलावा गांधी समाधि पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. नितिन मदान और अपर पुलिस अधीक्षक अतुल श्रीवास्तव समेत पुलिस बल तैनात कर दिया गया। राहे रजा स्थित पूर्व विधायक के आवास को छावनी बना दिया। हालांकि, सुबह 10:30 बजे कांग्रेसी पूर्व विधायक के आवास से नारेबाजी करते हुए गांधी समाधि तक पहुंच गए और गांधी समाधि पर पुष्प अर्पित कर वहीं धरने पर बैठ गए। 

कांग्रेस आलाकमान ने सरकार की नाकामियों को उजागर करने के लिए बुधवार को विधानसभा घेरने का एलान किया था। 16 दिसंबर से कांग्रेस नेताओं के घरों पर पुलिस को तैनात कर दिया गया था। कांग्रेसियों ने इसकी शिकायत मंगलवार की शाम पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र से की थी। लेकिन, बुधवार की सुबह कांग्रेस नेताओं के घरों पर फोर्स बढ़ा दिया गया और कांग्रेसियों को उनके घरों में नजरबंद कर दिया गया। 

कांग्रेसी गांधी समाधि तक नहीं पहुंच सकें इसके लिए गांधी समाधि पर भी अधिकारियों और भारी पुलिस बल को तैनात कर दिया गया। जिसके कारण अधिकांश कांग्रेसी लखनऊ के लिए कूच नहीं कर पाए। कांग्रसी राहे राज स्थित पूर्व विधायक संजय कपूर के आवास से सुबह 10:30 बजे गांधी समाधि पहुंचे। गांधी समाधि पर माल्यार्पण करने के बाद  धरने पर बैठ गए और शांति पाठ किया। इसके बाद रघुपति राघव राजा राम का गायन किया। कांग्रेसी बीच-बीच में नारेबाजी करते रहे।  धरने पर बैठने वालों में एआईसीसी के सदस्य मुतिउर रहमान खां बब्लू, पूर्व विधायक संजय कपूर, निक्कू पंडित,शारिब खां, ताहिर खां, अर्सलान खां, कुमार एकलव्य आदि शामिल रहे। 

यह भी पढ़ें- रामपुर : पाकबड़ा हादसा...रो-रोकर बुरा हाल, शव लेने मुरादाबाद रवाना हुए परिजन

संबंधित समाचार