अयोध्या: आपसी रंजिश में बुजुर्ग किसान की हत्या, शरीर पर धारदार हथियार से किए कई वार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हैदरगंज/अयोध्या, अमृत विचार। थाना हैदरगंज अंतर्गत जजवारा खास गांव में खेत से घर जा रहे एक बुजुर्ग किसान पर आपसी रंजिश में गड़ासे से वार कर हत्या कर दी गई। मृतक के परिवारीजनों ने गांव के दो सगे भाई व उसकी मां के खिलाफ हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं घटनास्थल पर भारी संख्या में ग्रामीण एकत्र होकर रोष जताने लगे, बाद में पुलिस उन्हें समझा बुझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए ले गई। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

घटना शुक्रवार शाम करीब पांच बजे की है। थाना हैदरगंज के जजवारा खास निवासी मंगलदास (70) पुत्र लुटावन निषाद अपने खेत से साइकिल से घर जा रहा था। रास्ते में कुछ लोगों ने उसे रोककर गड़ासे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घटना की सूचना मिलते ही गांव समेत आसपास के लोग एकत्र हो गए व रोष जताते हुए प्रदर्शन करने लगे। सूचना पर पहुंचे थाना हैदरगंज प्रभारी मो. अरशद व उनकी टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। करीब घंटे भर चले मान मनौव्वल के बाद ग्रामीण माने तब पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के गले, सिर, पैर आदि पर किसी धारदार हथियार से वार किया गया है। परिवारीजनों ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। मौके से वह सभी गांव छोड़कर फरार हो गए हैं। उनकी तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा। फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल की जांच की है। 

जंगल झाड़ी की जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
मृतक के बेटे देवीलाल ने बताया कि उनका गांव के इंद्रजीत, जंग बहादुर पुत्र राजाराम से जंगल झाड़ी की जमीन पर कब्जेदारी को लेकर विवाद चल रहा है। कब्जे को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। शुक्रवार इन दोनों भाइयों व उनकी मां निर्मला ने मिलकर उनके पिता पर गड़ासे से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतक के दो पुत्री व एक पुत्र है।

ये भी पढ़ें-'कुंदरकी-कटेहरी जीत सकते हैं तो कोई भी चुनाव जीता जा सकता है', अयोध्या में भाजपा कार्यकर्ताओं से बोले सीएम योगी

संबंधित समाचार