मुरादाबाद : अंडर पास व सर्विस रोड बनने तक धरना खत्म करने से भाकियू टिकैत का इंकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

छह दिन पहले बंद कराया रिंग रोड का निर्माण, धरने पर बैठे किसान, एनएचएआई के परियोजना निदेशक और तहसीलदार के मनाने पर नहीं माने किसान

मुरादाबाद। यूपी को उत्तराखंड से जोड़ने वाले भटावली गांव के बाहर बनाए जा रहे रिंग रोड में अंडर पास व सर्विस रोड न देने पर भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने छह दिन पहले निर्माण कार्य को रुकवा दिया था और अपनी मांगों को लेकर यूनियन से जुड़े किसान वहीं धरने पर बैठे हैं।

किसानों के धरने को खत्म कराने के प्रयास में धरना स्थल पर दो बार पहुंचे राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक के समक्ष अंडरपास और सर्विस रोड न बनने पर दर्जनों गांव के ग्रामीणों की परेशानी के साथ धार्मिक आस्था से जुड़े मुद्दे भी रखे। इस पर एनएचएआई के परियोजना निदेशक ने जिलाधिकारी के निर्णय लेने के बाद ही आगे कार्रवाई करने की बात कही। इस पर किसानों ने कहा कि पहले मांगें पूरी हो, इसके बाद ही धरना खत्म होगा।

अंडर पास और सर्विस रोड की मांग को लेकर छह दिन से भटावली गांव में भारतीय किसान यूनियन टिकैत के वरिष्ठ मंडल उपाध्यक्ष वीर सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों किसान कड़ाके की सर्दी में धरने पर बैठे हैं। बीच जंगल में खेत में टेंट लगाकर बेमियादी धरना जारी है। किसान भटवाली में अंडरपास व सर्विस रोड बनाने की मांग पर अड़े हैं। जबकि रिंग रोड बनाने वाले एनएचएआई के ठेकेदारों इंकार कर चुके हैं।

शुक्रवार को धरना स्थल पर किसानों के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की मुरादाबाद इकाई के परियोजना निदेशक अनुज कुमार पहुंचे। जहां उन्होंने किसानों से धरना खत्म करने की बात रखी। इस पर भाकियू टिकैत के वरिष्ठ मंडल अध्यक्ष वीर सिंह ने बताया कि भटावली गांव में चकबंदी न होने के कारण आने जाने के लिए कोई रास्ता नहीं है और अंडरपास न बनाने आसपास के 20 गांव के ग्रामीणों को जिंदगी भर परेशानी का सामना करना पड़ेगा। साथ ही हिंदू समाज के चंद्रसेन देवता के थान और मुस्लिम समाज के कब्रिस्तान तक का रास्ता बंद हो जाएगा। इन मांगों से संबंधित ज्ञापन भी एनएचएआई के परियोजना निदेशक को सौंपा। इस पर परियोजना निदेशक ने किसानों से जिलाधिकारी अनुज सिंह ने निर्णय लेने के बाद ही समस्या का समाधान होने की बात कही।

हम धरनास्थल पर एनएचएआई के साइट इंजीनियरों संग गए थे। वार्ता की लेकिन किसान अंडरपास व सर्विस रोड की जिद पर अड़े हैं। मगर इसका निर्णय जिलाधिकारी द्वारा लिया जाएगा। किसानों की मांगों को डीएम के समक्ष रख दिया गया है।-अनुज कुमार, परियोजना निदेशक, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण मुरादाबाद इकाई

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : टैक्स वसूली में अड़चन बनी जीआईएस सर्वे की लंबित आपत्तियां, नगर निगम की बोर्ड बैठक में भी उठा था मुद्दा

 

संबंधित समाचार