Kannauj में पकड़ा गया एक्सप्रेस-वे पर गोवंश लदा ट्रक: आठ तस्कर गिरफ्तार, गोवंशों को बिहार में बेचने के लिए ले जा रहे थे
तिर्वा, कन्नौज, अमृत विचार। एक्सप्रेसवे पर पुलिस ने गोवंश लदे ट्रक के साथ आठ गोवंश तस्करों को दबोचा है। उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इटावा से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे होते हुए गोवंश को ट्रक पर लाद कर बिहार ले जाने की सूचना पर तिर्वा पुलिस अलर्ट हो गई। सोमवार की सुबह करीब तीन बजे ट्रक पकड़ने के लिए अभियान शुरू कर दिया।
गोवंश लदा ट्रक आता देख रुकने का इशारा किया तो तस्कर ट्रक छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया। कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पकड़े गए गोवंश तस्करों में इटावा के बकेवर थाना क्षेत्र के अहेरीपुर गांव निवासी साकिर, अल्ताफ, अनीश (तीनों सगे भाई), ट्रक मालिक सुरेंद्र सिंह, ट्रक चालक प्रांशु, इकदिल थाना क्षेत्र के नगलापूट गांव निवासी राघवेंद्र, चौबिया थाना क्षेत्र के नगलाखेमी गांव निवासी कुंवरपाल व बिहार के मनेर थाना क्षेत्र के पतीला गांव निवासी अनूप यादव हैं। तस्करों ने स्वीकार किया कि वे इन गोवंशों को इटावा से बिहार में बेचने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। बरामद किए गोवंशों को नगर पंचायत की गौशाला में भेज दिया गया है।
