Kannauj में तीन प्राचीन मंदिरों को चोरों ने बनाया निशाना, चढ़ावा सहित जेवरात किए चोरी, दानपात्र तोड़कर उड़ाए रुपये
छिबरामऊ, कन्नौज, अमृत विचार। घने कोहरे व कड़ाके की सर्दी के बीच चोरों ने तीन प्राचीन मंदिरों को निशाना बनाया। चोर यहां से दानपात्र तोड़कर चढ़ावा व मूर्तियों के जेवरात समेट ले गये। एक साथ तीन मंदिरों से चोरी से भक्तों में आक्रोश भड़क गया। मौके पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मामले की पड़ताल की।
सौरिख रोड पर कालिका देवी का महाभारत कालीन मंदिर है। ऐतिहासिक मंदिर भक्तों की आस्था का केन्द्र है। प्रतिदिन भोर मंगला आरती के साथ मंदिर के कपाट खुलते और रात को आरती के साथ बंद होते हैं। मंदिर पुजारी के साथ सेवादार व सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहते हैं। कोहरे के बीच चोरों ने रविवार की रात मंदिरों को निशाना बनाकर घटना को अंजाम दिया। चोरों ने घटना से पहले मंदिर के सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। इसके साथ डीवीआर भी ले गये। चोर मां भगवती के जेवरात, घंटा, दानपात्र से चढ़ावा समेट ले गये।
इसी तरह सौरिख रोड के ही बहवलपुर रोड पर बगिया बाबा प्राचीन हनुमान मंदिर के छोटे गेट की जाली काट कर अंदर घुस गये। यहां मंदिर का कीमती सामान व दानपात्र का चढ़ावा पार कर दिया। जीटी रोड पर अकबरपुर के पास सिद्धेश्वर मंदिर से घंटा ले गए। एक साथ तीन मंदिरों से चोरी की घटना ने पुलिस की नींद उड़ा दी।
