जनवरी में 10 साल में दूसरी बार पारा 26 डिग्री के पार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार: मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने उत्तराखंड में मौसम बदलने का अनुमान जताया है लेकिन उससे पहले दिन के समय चटख धूप निकल रही है। पारे में उछाल आ रहा है। यही नहीं सोमवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री पार कर गया। पिछले एक दशक में जनवरी माह में यह दूसरा अधिकतम तापमान है।

 सोमवार को हल्द्वानी में सुबह से ही धूप खिली हुई थी। दोपहर के समय विगत दिनों की अपेक्षा मौसम कम ठंडा था। धूप में बैठना भी मुश्किल हो रहा था। पारे में उछाल की वजह से अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से सात डिग्री ज्यादा है। साल 2015 से अब तक यह दूसरी बार है जब जनवरी माह में तापमान में इतना उछाल आया है। इससे पहले 23 जनवरी 2023 को अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालाय के मौसम विज्ञानी डॉ. आरके सिंह के अनुसार विगत दिनों हुई बारिश के बाद मौसम पूरी तरह से साफ है। धूप निकलने की वजह से पारे में उछाल आ रहा है। मुक्तेश्वर में भी अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है, यह सामान्य से नौ डिग्री ज्यादा है। यहां दिन के समय ठंड से काफी राहत है। इधर मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने अनुमान जताया है कि 22 से 23 जनवरी के दौरान पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार हैं। पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश होने की संभावना है। 

दिन और रात के तापमान में भारी अंतर

हल्द्वानी। इन दिनों दिन और रात के तापमान में भारी अंतर चल रहा है। हल्द्वानी में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है और यह सामान्य से एक डिग्री कम है। दिन में चटख धूप के बाद रात को कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिन और रात के तापमान में करीब 21.5 डिग्री सेल्सियस का अंतर है। 

 

संबंधित समाचार