भाजपा नेता की कार से मिली शराब, कांग्रेसियों ने काटा हंगामा
हल्द्वानी, अमृत विचार। निकाय चुनाव में प्रचार का शोर थम चुका था, लेकिन मतदाताओं को लुभाने की कोशिशें जारी थी। बुधवार शाम भाजपा पर गंभीर आरोप लगे। राजपुरा से एक कार बरामद की गई, जिसमें शराब की पेटियां रखी थी। जानकारी पर कांग्रेसी मौके पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने कार और कार से मिली शराब को कब्जे में ले लिया है।
निकाय चुनाव के लिए 23 जनवरी को सुबह 8 बजे से वोटिंग होनी शुरू हो जाएगी। इससे पहले 22 जनवरी की शाम हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र के राजपुरा में राजनीतिक माहौल गर्मा गया। जैसे ही खबर फैली की राजपुरा में मतदाताओं को लुभाने के लिए शराब बांटी जा रही है तो कांग्रेसी मौके पर पहुंच गए। फिर पुलिस और कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी ललित जोशी भी मौके पर पहुंच गए। जिसके बाद हंगामा शुरू हो गया। मौके पर कांग्रेसियों, पुलिस और प्रशासन को एक कार मिली, जिसके फ्रंट शीशे पर भारतीय जनता पार्टी के ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष नैनीताल और पार्षद पद के प्रत्याशी सुशील साहू का स्टीगर लगा है। आरोप है कि कार सवार भागने की कोशिश कर रहे थे और सूचना के दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी ललित जोशी ने कहा, जिसकी गाड़ी से शराब मिली है, वो वार्ड 20 से भाजपा के टिकट पर पार्षद का चुनाव लड़ रहा है। भाजपा शराब और सूखा नशा बांट कर नस्लें बर्बाद कर रही है। अब जनता को इसका जवाब देना होगा। वहीं कोतवाल राजेश कुमार यादव का कहना है कि राजपुरा में खड़ी कार से शराब मिली है। कार और शराब को जब्त कर लिया है, लेकिन किसी की ओर से तहरीर नहीं मिली है।
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा के पदाधिकारियों की गाड़ी से शराब बरामद होने की घटना इस बात का प्रमाण है कि भाजपा चुनाव को शराब, धनबल और बाहुबल के सहारे प्रभावित करने का प्रयास कर रही है और अब यह सच्चाई जनता के सामने आ चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन अनुचित और अलोकतांत्रिक तरीकों का सख्त विरोध करती है और हमेशा जनबल पर भरोसा करती है और हल्द्वानी में कांग्रेस जनबल के समर्थन से चुनाव जीतेगी। कांग्रेस का उद्देश्य हर वर्ग और हर व्यक्ति के अधिकारों की रक्षा करना और उनकी समस्याओं का समाधान करना है।
सुमित हृदयेश ने जनता से अपील की कि कल होने वाले मतदान में कांग्रेस प्रत्याशी ललित जोशी के पक्ष में मतदान करें और एक सशक्त, ईमानदार तथा जनसेवा को समर्पित नेतृत्व को चुने। सुमित हृदयेश, विधायक हल्द्वानी
