हल्द्वानी: पुलिस कस्टडी से भागा लूट का आरोपी बरेली में मिला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। काठगोदाम पुलिस की कस्टडी से भागे जिस लूट के आरोपित की धरपकड़ के लिए नैनीताल पुलिस की तीन टीमें पिछले छह दिनों से उत्तराखंड से लेकर उत्तर प्रदेश तक दिन रात एक कर खाक छान रहीं थीं। वह बरेली में अपनी बहन के घर पर सोता हुआ मिला। आरोपित की बहन ने …

हल्द्वानी, अमृत विचार। काठगोदाम पुलिस की कस्टडी से भागे जिस लूट के आरोपित की धरपकड़ के लिए नैनीताल पुलिस की तीन टीमें पिछले छह दिनों से उत्तराखंड से लेकर उत्तर प्रदेश तक दिन रात एक कर खाक छान रहीं थीं। वह बरेली में अपनी बहन के घर पर सोता हुआ मिला। आरोपित की बहन ने ही गिरफ्तारी से बचाने के लिए उसे संरक्षण दिया था। काठगोदाम पुलिस आरोपित को गिरफ्तार कर बरेली से वापस ले आई है। काठगोदाम पुलिस ने आरोपित को संरक्षण देने वाली उसकी बहन के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया है।

गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर काठगोदाम थाने के एसओ के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने बरेली के मोहल्ला कालीबाड़ी स्थित आरोपित की बहन के घर पर दबिश दी। इस दौरान लूट के आरोपित की लोकेशन घर पर ही मिली। पिछले छह दिनों से नैनीताल पुलिस की तीन टीमें उसके सुराग में लगी थीं। जिस वक्त पुलिस ने आरोपित की बहन के घर दबिश दी तो वह सोता हुआ मिला। इसके बाद पुलिस ने घर की घेराबंदी कर उसे नींद में ही दबोच लिया। अलबत्ता आरोपित की बहन ने भाई को गिरफ्तारी से बचाने की भरसक कोशिश की। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया और वापस ले आई।

उल्लेखनीय है कि 9 नवंबर को एक बुजुर्ग से लूट की घटना प्रकाश में आई थी। इस केस में पुलिस ने 13 नवंबर को बरेली के मूल निवासी आरोपित गोलू शर्मा को लूट की रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन अगले दिन सुबह गोलू पुलिस कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। इससे थाना पुलिस को काफी किरकिरी झेलनी पड़ी थी। तब से नैनीताल जिले की तीन पुलिस टीमें गोलू की तलाश में उत्तराखंड से लेकर उत्तर प्रदेश तक कई संभावित ठिकानों की खाक छान रही थीं। एसओ नंदन सिंह रावत का कहना है कि कस्टडी से भागे आरोपित को छिपाने के लिए उसकी बहन के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इधर, एसएसपी ने आरोपित को पकड़ने वाली टीम को नकद इनाम की घोषणा की है।

संबंधित समाचार