Rampur : मौनी अमावस्या पर श्रद्धालुओं ने रामगंगा में लगाई आस्था की डुबकी, खुशहाली की कामना
बुधवार तड़के से रामगंगा के तट पर पहुंचे श्रद्धालु, रामगंगा के घाट पर मेले जैसा माहौल
शाहबाद,अमृत विचार। श्रद्धालुओं ने बुधवार को मौनी अमावस्या पर रामगंगा में आस्था की डुबकी लगाकर सुख-समृद्धि की कामना की। भोर पहर से ही रामगंगा तट पर श्रद्धालुओं के पहंचने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं द्वारा गंगा स्नान कर भगवान सूर्य को जल अर्पण किया गया।
मंत्रोच्चारण के साथ श्रद्धालुओं ने घाट पर जल अर्पित कर पूजन किया तथा जरूरतमंदों में अनाज और वस्त्र दान किया। मौनी अमावस्या स्नान को सभी अमावस्या के स्नान में प्रमुख माना जाता है। बुधवार तड़के से ही ढकुरिया स्थित रामगंगा घाट पर स्नान शुरू हो गया। रामगंगा घाट पर मौनी अमावस्या पर श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने अपने पूर्वजों का ध्यान करते हुए उड़द, चावल, आटा, गुड़ और वस्त्र पंडितों को श्रद्धानुसार दक्षिणा देकर पुण्य लाभ अर्जित किया। इसके बाद सूर्य देव को अर्घ्य देकर परिवार की खुशहाली की कामना की।
सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल रहा तैनात
मौनी अमावस्या से पहले ही मंगलवार को पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने अपर पुलिस अधीक्षक अतुल श्रीवास्तव व क्षेत्राधिकारी हर्षिता सिंह के साथ ढकुरिया घाट का जायजा लिया। जिसके बाद इंस्पेक्टर पंकज पंत को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बुधवार को रामगंगा घाट पर पुलिस बल तैनात रहा।
श्रद्धालुओं ने गंगा घाट पर कराई पूर्वजों की पूजा
मौनी अमावस्या के दिन विशेष रूप से पूर्वजों की पूजा की जाती है। गंगा घाट पर पुरोहितों द्वारा तर्पण कराया गया। गंगा नहाने के बाद श्रद्धालुओं ने पुरोहितों से अपने पूर्वजों की पूजा कराई। महंत नत्थू लाल ने बताया कि मौनी अमावस्या के गंगा घाट पर पूजा कराने से पूर्वजों की आत्मा को शांति मिलती है।
ये भी पढे़ं : रामपुर : अब घर बैठे जमा करेंगे टैक्स, आधुनिक दौर में कदमताल कर रही नगर पालिका
