मिनी स्टेडियम में उगी झाड़ियों से खिलाड़ी परेशान
भीमताल, अमृत विचार: भीमताल के एकमात्र खेल मैदान मिनी स्टेडियम के आसपास काफी अधिक संख्या के प्लाटों में झाड़ियां उगी हैं। इससे मिनी स्टेडियम में खेलने वाले खिलाड़ियों को खासी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इन खिलाड़ियों की मानें तो क्रिकेट मैच के दौरान गेंद के इन झाड़ी भरे प्लाटों में गिरने पर गेंद वापस लाना बड़ी चुनौती रहती है।
इन भूखंडों में जहां एक और आवारा पशुओं ने डेरा डाल दिया है वहीं स्थानीय लोगों ने अवगत कराया कि इन झाड़ियां में तेंदुए आदि भी देखे गए हैं जिसके चलते कभी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। वहीं कुछ खेल प्रेमियों ने बताया कि बड़ी योजनाओं के लिए इन प्लाटों को कुछ विभागों को आवंटित किया गया है जिनके द्वारा इन प्लॉटों का रखरखाव नहीं किया जा रहा है और ना ही इसकी झाड़ी काटी जा रही है।
मालूम हो कि 4 फरवरी से भीमताल में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन प्रस्तावित है। जिसके चलते इन प्लाटों में उगी झाड़ियां से अब समस्या उत्पन्न होने लगी है। खेल प्रेमियों की मानें तो इन प्लाटों में एक प्लॉट विद्युत विभाग का भी है जिसके द्वारा कई समय से इस प्लॉट का रखरखाव नहीं किया गया है। वहीं गोदाम के लिए पर्याप्त भूमि होने के बावजूद विभाग के बिजली के पोल इधर-उधर बिखरे रहते हैं।
खेल प्रेमियों का कहना कि यदि इस आवंटित भूमि को साफ सुथरा व झाड़ी मुक्त रखा जाए तो यह बड़ा भूखंड बिजली विभाग के लिए गोदाम का भी विकल्प हो सकता है। क्रिकेट प्रतियोगिता में लगे खेल प्रेमी पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका देवेंद्र चनौतिया, मोहित पडियार, विनीत जोशी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से उनको आवंटित भूखंड का रखरखाव करने की मांग की है।
