बजट सत्र: महाकुंभ भगदड़ पर लोकसभा में हगांमा, विपक्ष पर भड़के स्पीकर, कहा- जनता ने अगर नारेबाजी के लिए भेजा है तो यही करिये

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। प्रयागराज महाकुंभ में मौनी अमावस्या पर हुए हादसे को लेकर लोकसभा में सोमवार हंगामा जारी है। विपक्ष भगदड़ में मारे गए लोगों की सूची जारी करने की मांग कर रहा है। वहीं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन में नारेबाजी करने वाले विपक्षी दलों के सांसदों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि जनता ने उन्हें नारे लगाने के लिए भेजा है जो यही काम करें या फिर कार्यवाही चलने दें।

बजट सत्र के तीसरे दिन सदन की कार्यवाही आरंभ होते ही विपक्षी सदस्य महाकुंभ में मची भगदड़ की घटना पर सरकार से जवाब की मांग करते हुए नारेबाजी करने लगे। लोकसभा अध्यक्ष ने नारेबाजी कर रहे सदस्यों से कहा, ‘‘इस विषय का उल्लेख राष्ट्रपति महोदया ने अपने अभिभाषण में किया था। आप लोग अभिभाषण पर चर्चा के दौरान यह विषय रख सकते हैं।’’ उन्होंने कहा कि प्रश्नकाल महत्वपूर्ण समय होता है जिसमें सरकार की जवाबदेही तय की जा सकती है। बिरला ने विपक्षी सदस्यों से सदन चलने देने की अपील की।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर आपको देश की जनता ने नारेबाजी के लिए भेजा है तो यही काम करिये। यदि सदन चलाना चाहते हैं तो अपनी सीट पर जाकर बैठिए।’’ विपक्षी दलों के सदस्यों ने ‘प्रधानमंत्री जवाब दो’ और ‘मोदी सरकार शेम शेम’ के नारे लगाए। मौनी अवमस्या के दिन प्रयागराज महाकुंभ में मची भगदड़ में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का आरोप है कि सरकार ने इस घटना में मृतकों का सही आंकड़ा नहीं बताया। 

संबंधित समाचार