16 महीने बाद दर्ज हुआ जेवरात से भरा बैग चोरी का मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार: पुलिस की कार्रवाई इतनी सुस्त होगी कि शिकायतकर्ता ने सोचा भी नहीं होगा। ऐसा ही एक मामला थाना पंतनगर इलाके में आया। जहां वर्ष 2023 में हल्द्वानी जाते वक्त एक महिला का जेवरात से भरा बैग चोरी हो गया था। दर-दर की ठोकर खाने के बाद वर्ष 2025 में मुकदमा दर्ज हुआ है। वो भी एसएसपी को भेजे शिकायती पत्र के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।


 मदनपुर थाना दिनेशपुर निवासी वीरेंद्र कोठारी ने थाना पंतनगर को शिकायती पत्र सौंपा। इसमें बताया कि 19 मार्च 2023 की सुबह 7 बजे वह अपनी पत्नी व साले को पत्थरचट्टा मटकोटा मोड़ पहुंचा और टाटा मैजिक वाहन संख्या यूके-06 टीए-5913 में बैठाकर हल्द्वानी के लिए रवाना हुआ। जब पत्नी पहुंची तो देखा कि वाहन में रखा बैग गायब था। बैग में सोने का मंगलसूत्र, एक हार, सोने का लोकेट, एक नथ यानी साढ़े तीन तोले के जेवरात रखे हुए थे।
तहरीर देने के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो शिकायतकर्ता कार्रवाई को लेकर कभी थाना पंतनगर, रुद्रपुर कोतवाली, सिडकुल चौकी सहित हल्द्वानी में पड़ने वाली थाना चौकी के चक्कर काटता रहा, लेकिन किसी ने कार्रवाई नहीं की।

आखिरकार थक हारकर उसने एसएसपी के नाम एक शिकायती पत्र पोस्ट किया। इसका संज्ञान लेते हुए एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कार्रवाई का आदेश दिया। पुलिस ने 16 माह बाद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

पंतनगर में चोरी की रिपोर्ट पांच माह बाद दर्ज

थाना पंतनगर इलाके में चोरी की रिपोर्ट पुलिस ने पांच माह बाद दर्ज की है। पंतनगर निवासी सुबोध प्रसाद ने बताया कि 26 अगस्त की रात्रि चोरों ने घर पर धावा बोल कर एक स्मार्टफोन, हीरे जड़ित सोने की अंगूठी, हीरे जड़ी सोने का ब्रेसलेट, कानों की बाली, नये बर्तन के अलावा बच्चों के कपड़े सहित खाने पीने की सारी चीजें चोरी कर लीं। शिकायतकर्ता का कहना था कि चोरों ने करीब चार लाख से अधिक की चोरी की घटना को अंजाम दिया था। चोरी की सूचना तत्काल थाना पंतनगर पुलिस को दी गई। पांच माह बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, कोतवाल सुंदरम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने प्रारंभिक तफ्तीश के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया है। कुछ सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस ने सुरक्षित की है। जल्द ही चोरी की घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।

संबंधित समाचार