हल्द्वानीः रोमांचक मुकाबलों के साथ वाटरपोलो प्रतियोगिता का समापन

हल्द्वानीः रोमांचक मुकाबलों के साथ वाटरपोलो प्रतियोगिता का समापन

हल्द्वानी, अमृत विचार: इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लैक्स के मानसखंड तरणताल में मंगलवार को वाटरपोलो के फाइनल मुकाबले खेले गए। महिला वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल के लिए पहला मुकाबला पश्चिम बंगाल और कर्नाटक के बीच खेला गया जिसमें जैस्मिन खातून ने सबसे अधिक 4 गोल किये और पश्चिम बंगाल ने मैच 11-3 से जीतकर ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। दूसरा मैच ब्रॉन्ज मेडल के लिए पुरुष वर्ग में पश्चिम बंगाल और केरल के बीच खेला गया जिसे  केरल ने कांटे के मुकाबले में 15-14 से जीता।

अंतिम क्षणों तक दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच नजदीकी मुकाबला रहा। निर्धारित समय पूरा होने तक केरल 15-13 से आगे चल रही थी। पश्चिम बंगाल ने मैच में बढ़त बनाकर जीत हासिल करने की पूरी कोशिश की लेकिन वह अतिरिक्त समय में भी एक ही गोल कर पाई और केरल ने यह मुकाबला 15-14 से जीत लिया। दोपहर 1 बजे से महिला वर्ग में गोल्ड मेडल के लिए केरल और महाराष्ट्र के बीच प्रतियोगिता शुरू हुई, जिसे केरल ने 11-7 से जीत लिया।

टीम की ओर से सबसे अधिक और पहला  गोल कृपा आरआर ने किया। मैच में पहले हाफ से ही केरल ने बढ़त बना ली और पहले हाफ में 6-3 से आगे रही। इसके बाद केरल ने महाराष्ट्र को बढ़त नहीं बनाने दी और 11-7 से मैच जीत लिया। पुरुष वर्ग में गोल्ड मेडल के लिए महाराष्ट्र और सर्विसेज की टीम के बीच मुकाबला हुआ, जिसे सर्विसेज ने रोमांचक मुकाबले में 10-9 से अपने नाम किया। 



वाटर पोलो की पदक तालिका

स्थान                   पुरुष वर्ग                        महिला वर्ग
गोल्ड                   सर्विसेज                            केरल
सिल्वर                  महाराष्ट्र                           महाराष्ट्र
ब्रॉन्ज                     केरल                          पश्चिम बंगाल
चतुर्थ                   पश्चिम बंगाल                     कर्नाटक