कासगंज: चुनाव आयोग के लिए सपाई लाए कफन, निष्पक्षता पर खड़े किए सवाल
कासगंज, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ अनोखा विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने कफन को हाथ में लेकर विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि मिल्कीपुर उपचुनाव में सत्ता पक्ष के लोगों ने फर्जी वोटिंग कर चुनाव आयोग की धज्जियां उड़ाईं और पीडीए के लोगों को डरा धमका कर वोट डालने से रोका गया। यह पूरी तरह से लोकतंत्र को हनन हुआ है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि आज लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाते हुए चुनाव आयोग के भेदभावपूर्ण रवैये के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि देश में चुनाव आयोग का जो स्वरूप होना चाहिए। वह आज के दौर मे पूरी तरह समाप्त हो चुका है। सत्ताधारी दल के प्रति झुकाव और विपक्षी उम्मीदवारों के साथ भेदभाव ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं। आज हम चुनाव आयोग की निष्पक्षता की मृत्यु पर उसे प्रतीकात्मक रूप से "कफन" अर्पित कर रहे हैं, जिससे देश को यह संदेश जाए, कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए हमें जागरूक रहना होगा। चुनाव आयोग की निष्पक्षता खत्म होना लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी है,यदि यह संस्थान सरकार के दबाव में काम करेगा तो निष्पक्ष चुनाव एक सपना बन कर रह जाएगा।
अब्दुल हफीज गांधी ने चुनाव आयोग से मांग करते हुए कहा कि वह अपनी साख बचाने के लिए निष्पक्षता का परिचय दे और सभी उम्मीदवारों को समान अवसर उपलब्ध कराए। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे जागरूक बनें और लोकतंत्र की इस लड़ाई में अपनी भूमिका निभाएं। प्रदर्शन के दौरान जिला महासचिव विनय कुशवाहा, चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष रोहिताश यादव, गंजडुंडवारा नगर अध्यक्ष तारिक महमूद मंसूरी,राष्ट्रीय सचिव मुलायम सिंह युद्ध ब्रिगेड राशिद अली मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - Rose Day: कासगंज में गुलाब देकर प्यार के परिंदों ने किया खुशी का इजहार, शुरू हुआ Valentine's Week
