कानपुर में दबंग ने वृद्ध ससुर को पीटा, साले पर किया चापड़ से हमला: शराब के लिए रुपये न देने पर घर में घुसकर दिया अंजाम
कानपुर, अमृत विचार। पनकी में एक नशेबाज दामाद ने शराब के लिए रुपये न देने पर ससुर को पीट दिया। साले के विरोध करने दबंग ने चापड़ मार कर उसे घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पनकी पुलिस ने आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पनका बहादुर नगर निवासी 70 वर्षीय रोशन लाल के मुताबिक बीते मंगलवार की रात नशे में धुत घर पहुंचे उनके दामाद बृजेश उर्फ टांडा गाली गलौज करते हुए शराब के लिए रुपये मांगने लगा। रुपये देने से मना करने पर बृजेश ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया।
इतना ही नहीं शोर शराबा सुन कर वहां पहुंचे बेटे बीनू के विरोध करने पर बृजेश ने उस पर चापड़ से हमला कर दिया। जिससे बचने के दौरान बीनू के हाथ की उंगली कट गई। जिसे देख दबंग बृजेश जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग निकला। पनकी थाना प्रभारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
