कासगंज: तेज रफ्तार टेंपो ने बाइक को मारी टक्कर, एक व्यक्ति की मौत, महिला और भतीजा घायल

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

कासगंज, अमृत विचार: कासगंज में एक टेंपो ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। महिला और उसका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अलीगढ़ जनपद के थाना गंगीरी क्षेत्र के गांव गुमानी नगला निवासी 45 वर्षीय सौदान सिंह अपनी पत्नी दीपा देवी और भतीजा शैलेंद्र के साथ तीनों बाइक पर सवार होकर हरसेना निवासी महेंद्र सिंह बहनोई के घर पर आये हुए थे। रविवार को बहन बहनाई के घर पर माता रानी का जागरण का कार्यक्रम था। जागरण के समापन के बाद वह बाइक से घर लौट रहे थे, तभी पूरन सिंह इंटर कॉलेज ढोलना के समीप तेज रफ्तार टेंपो ने टक्कर मार दी। 

इस हादसे में बाइक सवार सौदान सिंह, पत्नी दीपा भतीजा शैलेंद्र तीनों लोग घायल हो गए। ढोलना थाना पुलिस ने तीनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां सौदान सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज को रेफर कर दिया। अलीगढ़ को ले जाते समय रास्ते में ही सौदान सिंह की मौत हो गई, जबकि पत्नी और भतीजे का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। 

वहीं परिजनों की तहरीर पर ढोलना थाना पुलिस ने टेंपो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना को लेकर मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ढोलना थाना प्रभारी गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है। चालक को हिरासत में लेकर टेंपो को कब्जे में ले लिया है।

यह भी पढ़ें- कासगंज: सड़क निर्माण के बाद मिट्टी उठाना भूले जिम्मेदार! बाजार में उड़ रहे धूल के गुबार से लोग परेशान

संबंधित समाचार