मुरादाबाद में सस्ती शराब खरीदने को दुकानों पर उमड़ी भीड़, 25 प्रतिशत की छूट पर लोगों ने खरीदी शराब
मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर के बड़े और पुराने शराब कारोबारी ने महानगर के माहौल को सुबह रंगीन कर दिया। शराब के दाम कम करने के पोस्टर दुकानों के बाहर चस्पा कर दिए। सस्ती शराब खरीदने को भीड़ उमड़ पड़ी और दुकानों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लग गईं। शराब का सेवन करने वाले सारा कामकाज छोड़कर दुकानों की ओर दौड़ पड़े। शाम तक दुकानों पर अंग्रेजी शराब की खरीदारी करने वाले जुटे रहे। जबकि शराब का प्रचार प्रसार करना नियम विरुद्ध है। कई दुकानों पर नाबालिग बच्चे भी शराब खरीदने के लिए लाइन में खड़े दिखाई दिए। पहले तो इससे अनभिज्ञता जताते हुए आबकारी विभाग के अधिकारियों ने दोपहर के बाद पोस्टर हटवाने में जुटे, हालांकि तब तक शराब की जमकर बिक्री होती रही।
इस बार सरकार ने नई आबकारी नीति में शराब की दुकानों के लाइसेंस का नवीनीकरण न कर ई लाटरी के माध्यम से शराब के लाइसेंस देने के निर्देश दिए हैं। जिसको देखते हुए मार्च से पहले अपना स्टॉक खाली करने के लिए महानगर के बड़े शराब कारोबारी ने शराब के दाम कम होने का पोस्टर महानगर में दुकानों पर चस्पा करा दिया। इसके बाद महानगर में 30 दुकानों पर कम दाम में अंग्रेजी शराब की बिक्री होने की जानकारी फैलते ही शराब के शौकीनों की होली से पहले ही लॉटरी लग गई।
शराब की दुकानों पर कीमतों में 20-25 प्रतिशत की छूट के बैनर देखकर शराब लेने के लिए लंबी-लंबी लाइनें दुकानों पर लग गईं। इससे कई जगह सड़क पर आवागमन भी प्रभावित होता रहा। क्वार्टर, हाफ पीने वाले सीधे पूरी बोतल व पेटियां खरीदने में जुट गए। होली के पहले इस आफर का लाभ लेने वाले सब काम छोड़कर शराब की दुकानों की ओर दौड़ पड़े। नई शराब नीति लागू होने की वजह से शराब की दुकानदारों ने स्टॉक क्लीयर करने को शराब के दाम कर दिए।
शराब खरीदने आए लोगों की भीड़ में शामिल कई ने बताया कि हर रोज 120 रुपये का टेट्रा पैक लेता हूं लेकिन, आज यही 80 रुपये का मिल रहा है। इसलिए अधिक खरीद ली। जबकि एक युवक शराब की 5 पेटियां खरीदकर ले जाते दिखा। इतनी शराब का क्या करोगे, के सवाल पर कहा कि होली भी करीब है, शराब सस्ती मिल रही हैं। इसलिए पेटियां खरीद कर रख दी है।
दोपहर महानगर में कई स्थानों पर अंग्रेजी शराब की दुकानों पर शराब के दाम कम होने के पोस्टर लगाने की सूचना मिली। जिसके बाद सभी स्थानों से पोस्टर हटवा दिए गए। - महेंद्र सिंह, क्षेत्रीय आबकारी अधिकारी
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : दुबई में नौकरी दिलाने के नाम पर दिव्यांग युवक से दो लाख रुपये की धोखाधड़ी, आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
