बस चालक पर फायर करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार: बरेली डिपो के बस चालक पर दो राउंड फायर किए जाने के दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने दबोच लिया है और फरार दो आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। बताया कि बस को ओवरटेक किए जाने के बाद विवाद उपजा था और आवेश में आकर युवकों ने चलती बस चालक पर गोलीबारी शुरू कर दी थी। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।

सोमवार को एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि गांव परतापुर बिथरी चैनपुर बरेली निवासी बरेली डिपो चालक सतीश यादव ने मुकदमा दर्ज करवाया था। इसमें उन्होंने बताया  कि रोजमर्रा की भांति 22 फरवरी को जब वह बरेली से काशीपुर के लिए बस संख्या यूपी-77 एएन-2873 फ्लाईओवर काशीपुर हाईवे से नीचे उतरा तो बाइक-स्कूटी सवार चार युवक बार-बार ओवरटेक करने लगे। टोकने पर दो युवकों ने दो राउंड गोली चला डाली थी।

जब पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो आरोपियों को चिह्नित कर लिया। प्रकरण को लेकर कोतवाल मनोज रतूड़ी, एसएसआई नवीन बुधानी, ललित मोहन रावल के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था। 23 फरवरी की शाम को सूचना मिली कि गोलीकांड के दो आरोपी ब्लॉक रोड रुद्रपुर में देखे गए हैं। जिसके आधार पर पुलिस ने आदर्श कॉलोनी वार्ड-30 निवासी प्रियांशु बाठला और रायल रेजीडेंसी बगवाड़ा कॉलोनी निवासी प्रथमपाल सिंह को गिरफ्तार कर 315 बोर का एक तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बस चालक बार-बार पास नहीं दे रहा था और अभद्रता कर रहा था। घटना के वक्त उनके साथ हर्षदीप व अक्षय सागर भी थे। पुलिस ने फरार दोनों आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।

संबंधित समाचार