कासगंज: महाशिवरात्रि पर्व आज, चारों ओर गूजें बम-बम भोले के जयकारे

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

कासगंज, अमृत विचार: भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था के पर्व महाशिवरात्रि के दिन भोले भंडारी का गंगा जल से अभिषेक किया जाता है। गंगाजल लेने गंगा कछला घाटों की ओर कूच कर रहे कांवड़ियों के बम-बम भोले के जयकारों से शहर की राहें गूंजती रहीं। मंगलवार को कांवड़ियों की भक्ति का अतिरेक सड़कों पर उमड़ता रहा। हजारों की संख्या में गंगाजल लेकर वे अपने मनौती वाले स्थानों की ओर कूच करते रहे। कांवड़ियों के रूट पर सतरंगी कतारों का नजारा दिनभर श्रद्धा से सराबोर दिखा। चौतरफा भोले भंडारी के जयकारों से माहौल गुंजायमान था।

WhatsApp Image 2025-02-25 at 16.48.14

मंगलवार को सुबह से ही गंगाजल लेकर जाने वाले कांवड़ियों की सड़कों पर कतारें लगी रहीं। शहर में जगह-जगह महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में शिव भक्तों ने कांवड़ियों के लिए सेवा शिविर लगाए। शिकोहाबाद रोड,आगरा रोड, जनता दुर्गा मंदिर चौराहा आदि स्थानों पर लगाए गए इन शिविरों में भगवान शिव के भजनों पर कांवड़िया थिरकते रहे। खास बात यह रही कि बड़ी तादाद में महिलाएं भी कांवड़ यात्रा में शामिल देखी गईं। वहीं गंगा घाटों से जल भरकर ला रहे शिवभक्तों के समूह विभिन्न मार्गों पर बम-बम भोले की गूंज करते वातावरण को शिवमय बना रहे थे।

WhatsApp Image 2025-02-25 at 16.48.13

शहर के भूतेश्वर मंदिर पर 500 से अधिक कांबड़ें चढ़ाए जाने की व्यवस्थाएं की गईं हैं। दोपहर में शिव विवाह व शाम को यहां भजन संध्या का आयोजन होगा। वहीं कासगंज, सोरों, अमांपुर, गंजडुंडवारा, पटियाली आदि क्षेत्रों में भी शिवालयों पर पूरे दिन भगवान शिव के जयकारों की गूंज गूंजती रही। जगह-जगह धार्मिक अनुष्ठानों के आयोजन हुए। हवन, पूजन, भजन-कीर्तन के साथ-साथ भगवान शिव के विवाह का आयोजन व रामचरित मानस के अखंड पाठ की भी व्यवस्थाएं की गई।

दुकानदार हुए उत्साहित
कांवड़ मेला जब शुरू हुआ था तो कांवड़ लेने वाले भोले भक्त कम पहुंच रहे थे, लेकिन मंगलवार दोपहर से निकलीं कांवड़ियों की टोली देख दुकानदार भी उत्साहित हो गए। फिरोजाबाद, आगरा, मथुरा, हाथरस, एटा, सिकंदाराऊ, बिलराम, अवागढ़, नदरई, ढोलना, मिरहची, मारहरा सहित कासगंज के से कांवड़ियों की टोली पहुंच रही हैं। तीर्थनगरी के चंदन चौक, लहरा घाट, हरि की पौड़ी, कासगंज रोड, अस्पताल तक बाजार सजा हुआ है।

बंद रही मोहनपुरा मटर मंडी
महाशिवरात्रि पर्व को लेकर श्रद्धालुओं को कोई समस्या ना हो कांवड़ यात्री परेशान ना हो, जाम में ना फंसे, इसके लिए मोहनपुरा स्थित मटर मंडी को बंद रखने का निर्णय लिया गया था। मंडी व्यापारियों ने स्वयं इसके लिए पहल की थी। और कांवड़ियों को कोई समस्या न हो इसके लिए गुरुवार को भी मटर मंडी बंद रखी। मटर करोबारियों ने शिवभक्तों की सेवा की।

आस्था के साथ गहरा हुआ देशभक्ति का रंग
महाशिवरात्रि पर्व को लेकर जहां एक ओर श्रद्धालु शिवभक्ति में डूबे हुए हैं वहीं देशभक्ति का जुनून दिखाई दे रहा है। शिवभक्त अपनी कांवड़ पर तिरंगा लगाकर भोले की जयकार और देशभक्ति के नारे लगा रहे थे।कांधे पर कांवड़ थी, तो उसके ऊपर लगा तिरंगा आकर्षण का केंद्र बन रहा था। दोहरी भक्ति दिखाई दे रही थी। आस्था और देशभक्ति का अनूठा संगम था। हर कोई तिरंगा लगी आकर्षक देखकर मोहित हो रहा था।

दिव्यांगों में भी दिखा उत्साह
कांवड़ यात्रा में शामिल होने के लिए दिव्यांगों में भी उत्साह दिखाई दिया। कुछ दिव्यांग ट्राई साइकिल के माध्यम से गंगाघाट पर कांवड़ में गंगाजल भरकर गंतव्य तक जाते दिखाई दिए। उनकी आस्था भी एक नया संदेश दे रही थी।

महिलाओं में भी खासा उत्साह
कांवड़ यात्रा निकालने के लिए महिलाओं में भी उत्साह दिखाई दिया। महिलाएं तेजी के साथ कदम आगे बढ़ा रहीं थीं। महिलाओं ने संदेश दिया कि भक्ति के क्षेत्र में आधी आबादी पीछे नहीं है।

यह भी पढ़ें- कासगंज: बेकाबू ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

संबंधित समाचार