मुरादाबाद: विवाद होने पर पत्नी गई मायके, पति ने फांसी लगाकर दी जान
मुरादाबाद, अमृत विचार। घरेलू कलेश में पत्नी बच्चों को लेकर मायके चली गई तो युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना मझोला थाना क्षेत्र के ग्राम मानपुर नारायणपुर की है। गांव निवासी विनोद कुमार पीतल गलाने का काम करता था। बताते हैं कि वह शराब पीने का आदी था और नशे में अक्सर पत्नी …
मुरादाबाद, अमृत विचार। घरेलू कलेश में पत्नी बच्चों को लेकर मायके चली गई तो युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना मझोला थाना क्षेत्र के ग्राम मानपुर नारायणपुर की है। गांव निवासी विनोद कुमार पीतल गलाने का काम करता था। बताते हैं कि वह शराब पीने का आदी था और नशे में अक्सर पत्नी राधा और बच्चों के साथ मारपीट करता था।
परिजनों के अनुसार शुक्रवार की रात विनोद फिर शराब के नशे में घर पहुंचा। पत्नी ने विरोध किया तो झगड़ा होने लगा। आरोप है कि विनोद ने पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी, जिससे खफा होकर राधा बेटे विशाल व अजय को लेकर चन्दौसी में चाचा के घर चली गईं। शनिवार की शाम कुछ लोगों ने फोन करके राधा को सूचना दी कि घर का गेट अंदर से बंद है। काफी खटखटाने के बाद भी कोई गेट नहीं खोल रहा है। जिस पर राधा बच्चों संग मानपुर नारायणपुर आ गई।
छत के रास्ते से जब बेटे घर के अंदर पहुंचे तो नजारा देख होश उड़ गए। पंखे से विनोद का शव लटका हुआ था। कुछ देर में ही मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर मझोला पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
