बिहार विधानसभा का सत्र कल से, नवनिर्वाचित विधायकों को दिलाई जाएगी शपथ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पटना। 17वीं बिहार विधानसभा का पहला सत्र सोमवार से शुरू होगा। विधानसभा के कल से शुरू हो रहे पांच दिवसीय सत्र के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। विधानसभा में प्रवेश के लिए सभी विधायकों को निर्वाचन का सर्टिफिकेट साथ लाना अनिवार्य है। उसे दिखाने के बाद ही उन्हें विधानसभा परिसर में प्रवेश …

पटना। 17वीं बिहार विधानसभा का पहला सत्र सोमवार से शुरू होगा। विधानसभा के कल से शुरू हो रहे पांच दिवसीय सत्र के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। विधानसभा में प्रवेश के लिए सभी विधायकों को निर्वाचन का सर्टिफिकेट साथ लाना अनिवार्य है। उसे दिखाने के बाद ही उन्हें विधानसभा परिसर में प्रवेश की अनुमति मिलेगी।

सत्र के पहले दो दिन 23 और 24 नवंबर को सभी नवनिर्वाचित विधायकों को प्रोटेम स्पीकर जीतनराम मांझी शपथ दिलाएंगे। 25 नवंबर को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। इसके बाद 26 नवंबर को राज्यपाल फागू चौहान विधानमंडल के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे। सत्र के अंतिम दिन 27 नवंबर को राज्यपाल के अभिभाषण पर वाद-विवाद तथा सरकार का उत्तर होगा। विधान परिषद की बैठक इस बार सिर्फ दो दिन 26 और 27 नवंबर को होगी।

कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए इस बार दोनों सदनों की कार्यवाही की जगह बदल दी गई है। विधानसभा की कार्यवाही 23 नवंबर से 27 नवंबर तक नए बने सेंट्रल हॉल में चलेगी। राज्यपाल का विधानमंडल के संयुक्त सत्र में अभिभाषण भी सेंट्रल हॉल में ही होगा। वहीं 26 नवंबर से शुरू हो रहे विधान परिषद सत्र की कार्यवाही पहली बार विधानसभा वेश्म में आयोजित की गई है।

इससे पहले भी मानसून सत्र के समय विधानमंडल के दोनों सदनों की बैठक का स्थान बदला गया था। बिहार के संसदीय इतिहास में पहली बार सत्र का आयोजन विधानमंडल परिसर से बाहर ज्ञान भवन में हुआ था। इस बार भी सत्र के दौरान कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए सावधानी बरती जा रही है। पूरे भवन को सैनेटाइज किया गया है। सदन में सदस्यों के भी दूर-दूर बैठने की व्यवस्था की गई है। सभी विधायकों के लिए मास्क लगाना अनिवार्य होगा।

संबंधित समाचार