रोज निकलती है मवेशियों की फ्लीट, पीछे-पीछे चलता है यातायात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार : बात एक दिन की नहीं, बल्कि रोज की है। मवेशियों की फ्लीट (झुंड) नैनीताल रोड से रोज गुजरता है और यातायात पीछे-पीछे इन्हीं की रफ्तार चलने को मजबूर रहता है। इन मवेशियों के आने-जाने का समय तय है और ये झुंड हर रोज नगर निगम के सामने से होकर गुजरता है। ये हाल तब है जब इन मवेशियों को गौशाला में रखने के नाम पर लाखों रुपए फूंके जा रहे हैं। रविवार को भी सड़क पर यातायात इस फ्लीट के पीछे रेंगता देखा गया। 


इन मवेशियों की संख्या तकरीब 25 है और इस झुंड में करीब 4 बच्चे भी हैं। रविवार को यह झुंड रोज की तरह फिर नगर निगम से नैनीताल बैंक तिराहा होते हुए गुजरा। इस झुंड की जितनी रफ्तार थी, उतनी ही रफ्तार में वाहन भी चल रहे थे। क्योंकि सड़क के एक छोर पर इनका कब्जा था। मवेशी कुछ दूर चलने के बाद खड़े हुए तो पीछे से वाहन की लंबी कतार लग गई। यातायात पुलिस के जवानों ने मवेशियों को अंदरूनी मार्ग की ओर भगाया। इसके बाद एक-एक करके जाम में फंसे वाहन आगे बढ़े। एसपी ट्रैफिक जगदीश चंद्र ने बताया कि मवेशियों की वजह से परेशानी होती है। हालांकि सड़क पर तैनात सिपाही इन्हें हटाने के साथ अपना काम इमानदारी से करते हैं। कुछ जगह पर चौड़ीकरण की वजह से भी जाम की स्थित बन रही है। 


कोतवाली कैंटीन है अड्डा, मटरगली से गुजरती है फ्लीट
हल्द्वानी : इन मवेशियों का एक अड्डा नैनीताल बैंक तिराहे से अंदर बनी कोतवाली की कैंटीन भी है, जहां ये झुंड करीब आधा घंटा गुजारता है। दरअसल, यहां खाली पड़े प्लॉट में लोग कूड़ा डालते हैं और इसी कूड़े में खाना होने की आस में यह झुंड यहां आता है। इसके बाद यह फिर नैनीताल बैंक तिराहे से होते हुए मटरगली पहुंचता है और आगे निकल जाता है। इस दौरान मटरगली में भी अफरा-तफरी मच जाती है। 

 

संबंधित समाचार