राधे नंद कुंवर समझाय रही, होली लेलो फागुन ऋतु आय रही ने बांधा समां
अमृत विचार, हल्द्वानी। पूर्व दर्जा राज्य मंत्री रेनू जोशी के आवास में रविवार को महिलाओं की होली गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महिलाओं ने भगवान गणेश की होली 'तुम सिद्धि करो महाराज होलिन के दिन में' से होली की शुरुआत की। इसके बाद सभी देवों की होली गाई गई। कार्यक्रम में डॉ. ज्योति पांडे ने 'कैसी ये होली मचाई, अचरज रखियों ना नाही' की सुंदर प्रस्तुति दी।
रेनू जोशी ने 'राधे नंद कुंवर समझाय रही, होली लेलो फागुन ऋतु आय रही' , 'पूनम जोशी ने लगाय दियो रे मोहे बिंदिया में आके', लता कुंजवाल, मीनू जोशी और हेमा हरबोला ने 'चलो सखी खेलो कन्हैया संग होली' और 'होली खेले पशुपति नाथ नगर नैपाला में' की शानदार होली की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में समां बांधा। इसके साथ ही महिलाओं ने एक से बढ़कर एक खड़ी होली की सुंदर प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम में महिलाओं ने तरह के तरह स्वांग बनाकर उपस्थित सभी दर्शकों का मनोरंजन किया।
होली कार्यक्रम में सभी महिलाओं ने गुजिया, आलू के गुटके और चाय का आनंद लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं ने आशीष देने की होली गाई। इस दौरान हेमा पतलिया, पूनम जोशी, रितु कांडपाल, रीता पांडे, कमला जोशी, आभा भट्ट, कमला नेगी, प्रेमा जोशी, हेमा कांडपाल, चंपा रावत, अर्पिता जोशी, भगवती बिष्ट, वंदना पांडे, शिखा पंत, किरन आदि उपस्थित रही।
