तीन दिन में 8.5 डिग्री तक उछल गया पारा

Amrit Vichar Network
Published By Pawan Singh Kunwar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार: बारिश का दौर खत्म होने के साथ ही तापमान में उछाल आने लगा है। हल्द्वानी में तीन दिन के अंदर ही तापमान में 8.5 डिग्री का उछाल आ गया। आने वाले दिनों में तापमान में और भी ज्यादा उछाल आने की संभावना है। 

हल्द्वानी में सुबह से ही चटख धूप रही। दोपहर के समय धूप तेज होने लगी। विगत दिनों जहां लोगों को ठंड का अहसास हो रहा था वहीं दोपहर में हल्की गर्मी का अहसास होने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के के अनुसार तीन दिन के अंदर ही हल्द्वानी में अधिकतम तापमान में 8.5 डिग्री की बढ़ोत्तरी हुई है। सोमवार को अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि बीती 28 फरवरी को शहर में अधिकतम तापमान 20 डिग्री था। बारिश का दौर रुकने के साथ ही एक मार्च से लगातार तापमान बढ़ रहा है। इधर न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी है।

सोमवार को न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अब तापमान में इसी तरह से उछाल आते रहेगा। ठंड के दिन खत्म होने लगे हैं। 10 मार्च के बाद पारा 30 डिग्री तक भी पहुंच सकता है। मैदान ही नहीं पहाड़ में भी तापमान में उछाल आ रहा है। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 19 डिग्री रहा जो सामान्य से 2.8 डिग्री कम है। यहां भी पारे में उछाल आ रहा है। पहाड़ों में मौसम का मिजाज फिर से बदलने लगा है और विगत दिनों पड़ी कड़ाके की ठंड का असर अब कम हो रहा है।