शौकिया खिलाड़ी भी गौलापार स्टेडियम में कर सकेंगे स्विमिंग
हल्द्वानी, अमृत विचार : जिला प्रशासन व खेल विभाग की प्रोत्साहन समिति की बैठक हुई। इसमें इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के स्विमिंग पूल के संचालन के लिए बैठक की और शर्त एवं शुल्क तय किया गया। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी की अध्यक्षता में खेल अधिकारियों की बैठक हुई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के बाद इंफ्रास्ट्रक्चर को बनाए रखने के लिए रखरखाव बहुत जरूरी है ताकि लाखों-करोड़ों की लागत से बने पूल, स्टेडियम नष्ट नहीं हो।
फिलहाल स्विमिंग पूल के संचालन के लिए शर्तें एवं मानक निर्धारित किए गए हैं। इसमें तय हुआ कि हीटिंग प्लांट की वजह से मार्च में 21 वर्ष से अधिक आयु के शौकिया खिलाड़ियों से 4 हजार रुपये प्रतिमाह, 21 वर्ष से कम आयु वालों से 3 हजार रुपये प्रतिमाह लिए जाएंगे। अप्रैल से जून तक शौकिया खिलाड़ियों से 2500 व प्रशिक्षण लेने वाले खिलाड़ियों से 2 हजार रुपये शुल्क लिया जाएगा। भारतीय ओलंपिक संघ से मान्यता प्राप्त, राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक विजेओं से मार्च में 700 व अन्य माह में 500 रुपये शुल्क लिया जाएगा। जून में फिर से बैठक की जाएगी और पूल संचालन को लेकर निर्णय लिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि 8 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों का ट्रायल के बाद ही प्रशिक्षण के लिए अनुमति दी जाएगी। तैराकी करने वाले खिलाड़ियों को एमबीबीएस डॉक्टर से जारी स्वास्थ्य प्रमाण पत्र देना होगा जिसमें फिटनेस, मिर्गी, हृदय रोग, शुगर व अन्य संक्रामक रोग होने पर ब्योरा देना अनिवार्य होगा। 10 रुपये के स्टांप पर घोषणा पात्र देना अनिवार्य होगा। सभी को आयु, आधार कार्ड की स्व प्रमाणित छायाप्रति देना अनिवार्य होगा।
