प्रतापगढ़: भाजपा जिलाध्यक्ष पद पर आशीष श्रीवास्तव की दोबारा ताजपोशी, समर्थकों में खुशी

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

प्रतापगढ़, अमृत विचार। भाजपा जिलाध्यक्ष के पद पर आशीष श्रीवास्तव की दोबारा ताजपोशी हुई है। शीर्ष नेतृत्व ने भरोसा जताते हुए दोबारा जिले के संगठन की कमान दी है। भाजपा कार्यालय टेऊंगा में घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर बधाई दी। ढोल नगाड़े की धुन पर थिरकते हुए खुशी का इजहार किया। 

भाजपा जिलाध्यक्ष पद के लिए 33 लोगों ने चुनाव अधिकारी प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्र और पर्यवेक्षक राज्य मंत्री जसवंत सैनी के समक्ष दावेदारी की थी, जिसमें आशीष के अलावा पूर्व जिलाध्यक्ष सहित पार्टी के पदाधिकारियों का भी नाम शामिल था। चयनित नाम की घोषणा एक सप्ताह बाद की जानी थी। 

संगठन ने जिलाध्यक्ष पद को लेकर करीब दो माह से अधिक समय तक मंथन किया। रविवार को प्रदेश संगठन के निर्देश पर चुनाव अधिकारी प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा, चुनाव पर्यवेक्षक प्रयागराज महापौर गणेश केसरवानी के साथ भाजपा कार्यालय टेऊंगा पहुंची। चुनाव अधिकारी अर्चना मिश्रा ने जिलाध्यक्ष पद पर आशीष श्रीवास्तव के नाम की घोषणा की। आशीष श्रीवास्तव ने दोबारा जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर संगठन के प्रति आभार जताया। 

इस अवसर पर सदर विधायक राजेंद्र मौर्य, पूर्व विधायक धीरज ओझा, प्रदेश उपाध्यक्ष भाजयुमो रोहित मिश्र, पूर्व जिलाध्यक्ष हरिओम मिश्र, ओपी त्रिपाठी, केके सिंह, पूर्व मंत्री अवधेश मिश्र, राजेश सिंह, राघवेंद्र शुक्ला, वरुण प्रताप सिंह, मनीष शुक्ला, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अंशुमान सिंह, राजा अनिल प्रताप सिंह, ठाकुर प्रकाश सिंह, अभय प्रताप सिंह पप्पन, प्रतिभा सिंह, साधु दूबे, विक्रांत सिंह नवीन, धीरज सिंह, सुनील दुबे, पंकज सिंह आदि ने ताजपोशी के बाद आशीष को बधाई दी है।

एबीवीपी से की राजनीति की शुरूआत
नगर के पल्टन बाजार निवासी भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव पीबी इंटर कॉलेज में गणित के अध्यापक हैं। उन्होंने एबीवीपी में नगर मंत्री पद से राजनीति की शुरुआत की थी। इसके बाद भाजपा प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के जिला संयोजक का दायित्व संभाला। कुछ ही दिनों में संगठन ने भरोसा जताते हुए महामंत्री पद की कमान सौंप दी। सितंबर 2023 में भाजपा ने जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी। दोबारा हुए चुनाव में संगठन ने फिर से आशीष पर भरोसा जताया है।

ये भी पढ़ें- Pratapgarh News : पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा, औरंगजेब से ज्यादा क्रूर था नाथूराम गोडसे

संबंधित समाचार