दिल्ली के यात्रियों में  सीट पाने को लेकर मारामारी, भेजनी पड़ी अतिरिक्त बसें

Amrit Vichar Network
Published By Pawan Singh Kunwar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार: रोडवेज स्टेशन में रविवार को होली मनाकर वापस जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ रही।  यात्रियों की सबसे अधिक भीड़ दिल्ली मार्ग पर रही। जिस पर हल्द्वानी डिपो से दिल्ली मार्ग पर  अतिरिक्त बसें भेजनी पड़ी। दिल्ली मार्ग पर लगभग 30 बसें भेजी गईं। साथ ही चंडीगढ़ 3  और देहरादून मार्ग पर 8 अतिरिक्त बसों सहित फरीदाबाद, गुड़गांव के लिए भी बसें भेजी गई।  सुबह से ही स्टेशन में यात्रियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था,  जो दिनभर चलता रहा।

हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन में  यात्रियों में सीट को लेकर मारामारी रही। हर यात्री अपने गंतव्य पर पहुंचने के लिए बसों का इंतजार कर रहा था। हालांकि उत्तराखंड परिवहन निगम ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की थी। 


होली का त्यौहार मनाने के बाद लोग दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा, फरीदाबाद, देहरादून लखनऊ, बरेली समेत अन्य महानगरों को लोग लौट रहे हैं। जिस दौरान यात्रियों को बसों में सीट पाने को लेकर जद्दोजहद करनी पड़ रही है।  घंटों इंतजार करने के बाद लोगों को बसें मिल रही हैं। दिल्ली के साथ ही फरीदाबाद, पिथौरागढ़, जौरासी मार्ग पर भी बसें भेजी गई। हल्द्वानी डिपो के एआरएम संजय पांडे ने बताया कि यात्रियों को असुविधा न हो, इसके लिए अतिरिक्त बसें भेजी गई। उन्होंने बताया कि दिल्ली मार्ग पर सबसे अधिक यात्रियों ने सफर किया। साथ ही फरीदाबाद, देहरादून, बरेली, लखनऊ आदि शहरों के लिए भी काफी संख्या में यात्रियों ने सफर किया।