बदायूं में बाढ़ से सुरक्षा के लिए नई परियोजनाओं की शुरुआत, 18 ग्रामों को मिलेगा लाभ
बदायूं, अमृत विचार: विधायक हरीश शाक्य ने शुक्रवार को बाढ़ खंड की विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इससे पूर्व उन्होंने बिल्सी व सहसवान के संवेदनशील स्थलों व गठित दो नग बाढ़ सुरक्षात्मक परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया।
विधायक ने बाढ़ खंड के अधिकारियों को समय से परियोजनाओं को पूर्ण करने के निर्देश दिए। इससे बाढ़ के समय स्थानीय ग्राम वासियों को किसी भी विषम परिस्थतियों का सामना न करना पड़े। साथ ही तटबंध की संवेदनशील रीचों में भी बाढ़ के लिए निगरानी के भी निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड उमेश चंद्र ने बताया कि विधायक हरीश शाक्य ने जिन परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया है उनमें एक परियोजना नदी के बायें किनारे स्थित है।
ग्राम समूह नगला कोतल, पालपुर, बक्सर खालसा व बटरूईया की सुरक्षा के लिए और चन्दनपुर हुसैनपुर तटबंध के 3.650 किलो मीटर पर स्थित क्षतिग्रस्त स्टड को टी हेडेड स्पर में पुनर्स्थापित करने के कार्य की परियोजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं से क्षेत्र के 18 ग्रामों की लगभग 29529 आबादी और 1240.23 हेक्टेयर भूमि को प्रत्येक वर्ष बाढ़ से सुरक्षा मिलेगी।
बारिश के समय इन क्षेत्रों की सैकड़ों एकड़ फसल पानी में डूब जाती है। साथ ही किसानों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सहसवान क्षेत्र की महावा नदी के आसपास क्षेत्र को बाढ़ से बचाने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि जिले में सात स्थानों पर बाढ़ खंड के बांध बनाए गए हैं।
इन बांधों की मरम्मत बारिश से पहले की जानी है इसके लिए शासन से बजट भी स्वीकृत करा लिया गया है। अब सभी बांधों पर मरम्मत का कार्य अप्रैल और मई में कराया जाएगा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, एसडीएम सहसवान, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी समेत ग्रामीण उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें- बदायूं में बच्चों की इलाज की बढ़ी मुश्किलें, जिला अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ की सीट अभी भी खाली
